Haj 2025: दिल्ली से 51 महिलाएं बिना मेहरम के हज यात्रा पर रवाना हुईं. महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश करते हुए हर साल में ऐसी महिलाओं की तादाद बढ़ रही है.
Trending Photos
)
Haj 2025 Indian Women Without Mehram: देशभर के हाजियों ने हज यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बीच, दिल्ली से 51 महिलाएं बिना किसी मेहरम के हज यात्रा पर रवाना हुईं. जहां कभी परंपराओं और बंदिशों के नाम पर महिलाओं को रोका जाता था, वहीं अब हर साल ये तादाद बढ़ रही है और महिलाएं अपने हक और हौसले के साथ आगे बढ़ रही हैं.
वहीं, दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहान ने इन महिलाओं को हज के लिए रवाना किया और इस मौके को महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि सरकार ने इन महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने का निर्देश दिया है.
दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहान ने कही ये बात
कौसर जहान ने बताया कि इन 51 महिलाओं में ज्यादातर की उम्र 45 साल से ज्यादा है और ये उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों से आई हैं. पहले लोग बिना मेहरम के हज पर जाने से डरते थे, लेकिन अब महिलाएं आगे आ रही हैं. एक महिला हाजी ने कहा, “हम सब बहुत खुश हैं और उम्मीद है वहां भी हमें अच्छे इंतज़ाम मिलेंगे. हम अपने अच्छे स्वास्थ्य और देश में अमन की दुआ करते हैं.”
अल्पसंख्यक मंत्री ने क्या कहा?
वहीं, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे और हज यात्रियों को बधाई दी. उन्होंने बताया कि आज करीब 400 हज यात्री रवाना हो रहे हैं और सरकार ने अच्छे इंतजाम किए हैं. रिजिजू ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हज यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
इतने लाख लोग जाएंगे हज करने
दरअसल, इस साल 1,22,518 हाजी पाक मुकद्दस महीने पर हज करने जा रहे हैं. पहली फ्लाइट लखनऊ से 288 और हैदराबाद से 262 हाजियों को लेकर रवाना हुई. रिजिजू ने सोशल मीडिया पर भी सभी अकीदतमंदों को शुभकामनाएं दीं.