)
नई दिल्ली: अफ़गानिस्तान के साबिक तेज़ गेंदबाज़ शापूर ज़दरान का उनके 39वें यौमे पैदाईश से एक दिन पहले तवील बीमारी के बाद मंगलवार को मौत हो गई.1 जनवरी से शापूर ज़दरान का नई दिल्ली के एक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था. ज़दरान हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) नाम की एक रेयर इम्यून सिस्टम डिसऑर्डर से जूझ रहे थ अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में इसकी जानकारी दी ही. बोर्ड ने लिखा, "बहुत दुख और शोक के साथ यह ऐलान किया जाता है. शापूर ज़दरान अफ़गानिस्तान क्रिकेट की नींव रखने वाले लोगों में से एक थे. उनकी लगन, जुनून और पक्के इरादे ने हमारे मुल्क में खेल की तरक्की में खास किरदार निभाया है. नेशनल टीम की खिदमात में उनकी कोशिशों को कभी नहीं भुलाया जाएगा."
शापूर ज़दरान का करियर
1.88 मीटर (6 फुट 2 इंच) के इस तेज़ गेंदबाज़ ने 2009-20 तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए 44 वनडे इंटरनेशनल और 36 ट्वेंटी-20 मैचों में 80 विकेट लिए थे. उनका बेहतरीन मुजाहिरा ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में हुए 2015 के ODI वर्ल्ड कप में देखने को मिला था, जिसमें वह 10 विकेट लेकर अफ़गानिस्तान के सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए थे. शापूर ज़दरान ने चार T20 वर्ल्ड कप भी खेले थे, और 9 मैचों में 9 विकेट लिए थे. ज़ादरान के ODI में करियर के सबसे अच्छे रिकॉर्ड 4-24 थे, जो 2009 में नीदरलैंड्स के खिलाफ डेब् मैच में बनाए गया थे. शापूर ज़दरान ने फरवरी 2010 में आयरलैंड के खिलाफ अपना T20 डेब्यू किया था, और उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 2018 में बांग्लादेश के खिलाफ था.
मोहम्मद नबी, अज़मतुल्लाह उमरज़ई समेत कई लोगों ने दुख जताया
ज़दरान की मौत के बाद अफ़गानिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों के साथ ही भारत में उनके फैंस को गहरा धक्का लगा है. भारतीय खिलाड़ियों ने भी उनकी मौत पर रंज-ओ- गम का इज़हार किया है.
X पर एक पोस्ट में, मोहम्मद नबी ने ज़दरान को खिराजे अकीदत पेश की है. नबी ने X पोस्ट में कहा, "शापुर भाई! अल्लाह आप पर अपनी रहमत बरसाए, आपको जन्नत अल-फिरदौस में मुकाम अता करे, और आपके अहले खाना और आपके सभी अपनों को इस बड़े दुख को सहने और दिल का सब्र रखने की ताकत दे. आप सिर्फ़ एक करीबी दोस्त ही नहीं थे, बल्कि अपने वतन के सच्चे सेवक और अफ़गानिस्तान के सम्मान के नुमाइंदे थे."
अज़मतुल्लाह उमरज़ई ने भी ज़ादरान के गुज़रने पर दुख जताते हुए कहा, "मुझे शापूर के गुज़र जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. यह उनके परिवार, दोस्तों और अफ़गानिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुत बड़ा नुकसान है. अल्लाह उन्हें जन्नत दे, और उनके परिवार, दोस्तों और सभी हमदर्दों को सब्र दे. हम भी इस बहुत बड़े दुख में शामिल हैं."
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच रवि शास्त्री ने अपने X पोस्ट में कहा, "शापूर ज़ादरान के गुज़र जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. वर्ल्ड क्रिकेट में अफ़गानिस्तान की तरक्की के पीछे के मुख्य आर्किटेक्ट में से एक, खेल और टीम के सफ़र में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. उनकी आत्मा को शांति मिले. उनके परिवार, दोस्तों और अफ़गानिस्तान क्रिकेट बिरादरी के प्रति दिल से संवेदना."