)
Bagpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में लव जिहाद और जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है. एक महिला ने आरोप लगाया है कि कई स्थानीय नेता और आरोपी उसे जबरन अपने घर ले गए और पैसों का लालच देकर अदालत में बयान बदलने के लिए मजबूर किया. पीड़िता का इल्जाम है कि कुछ लोगों ने उसे धमकाया, उसकी इज़्जत की बोली तक लगा दी और बार-बार समझौते का दबाव डाला.
महिला ने इस पूरे मामले की शिकायत बीजेपी जिला अध्यक्ष से की है और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है. महिला ने बीकेयू नेता प्रताप गुर्जर और नीरज नामक के शख्स पर संगीन आरोप लगाए और कहा कि दोनों ने मारपीट की और पैसे का लालच देकर कोर्ट में बयान बदलवाया. इस पूरे माले को लेकर बीजेपी जिला अध्यक्ष ने उसे न्याय दिलाने और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, बागपत कस्बे में कुछ महीने पहले एक शादीशुदा महिला ने मुस्लिम शख्स अल्ताफ उर्फ गुड्डू और उसके साथियों पर जबरन धर्म परिवर्तन का इल्जाम लगाया था. साथ ही महिला ने आरोपियों पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और शारीरिक शोषण के आरोप लगाए थे. महिला ने कहा कि आरोपी कपड़ों की दुकान चलाता है और उसने अपने साथी राजा के साथ मिलकर उसे दिल्ली की एक मस्जिद में जबरन निकाह के लिए मजबूर किया.
12 लोगों के खिलाफ दर्ज था मुकदमा
पीड़िता ने बताया कि जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो अल्ताफ समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन उसके बाद कुछ स्थानीय नेता सक्रिय हो गए. उन्होंने महिला को गाजियाबाद के डासना में एक होटल में बंधक बनाकर रखा, जहां उसके साथ फिर से रेप किया गया. आरोप है कि वहीं उसकी अस्मत की बोली तक लगाई गई और अब दोबारा अदालत में बयान देने पर दबाव बनाया जा रहा है. महिला ने अब दोबारा कोर्ट में बयान दिलवाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है.