)
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के भोपाल (Bhopal) में रेलवे ट्रैक पर गिरी एक महिला को बचाने के खातिर एक 37 साल का मुस्लिम शख्स ट्रेन के आगे कूद पड़ा. अधिकारियों ने शनिवार को इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि महबूब नाम के एक शख्स ने ज़बरदस्त साहस का काम किया, और वह महिला को बचाने के लिए मालगाड़ी के सामने कूद पड़ा.
कैसे हुआ ये हादसा
जानकारी के मुताबिक ये हादसा 5 फरवरी रात 8 बजे बारखेड़ी में पेश आया. पीटीआई के ज़रिए मिली जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय महिला हाथ में सामान लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थी. उसी वक्त मालगाड़ी आ गई, जिसे देख वह बेहद घबरा गई और वही ट्रैक पर फिसल कर गिर गई.
नमाज़ से लौट रहे थे महबूब
महबूब जो पेशे से कारपेंटर भी हैं, वह उसी वक्त नमाज़ अदा कर के लौट रहे थे. जब मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो महबूब ट्रैक पर कूद गए. जिसके बाद वह भागकर महिला के पास गए उसे खीच कर जल्दी से ट्रैक के बीच में किया. इसके साथ ही उन्होंने महिला को जब तक सर उठाने नहीं दिया तब तक ट्रेन गुज़र नहीं गई.
वीडियो हुआ वायरल
इस हादसे का किसी ने वीडियो बना कर इंटरनेट पर डाल दिया और यह वायरल हो गया. जिसके बाद लोगों को महबूब का काम इतना पसंद आया कि उनके पते को खोजते हुए भीड़ उनके घर तक पहुंच गई और लोगों ने उन्हें बधाई दी.