AAP Protest: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को बीती शाम ईडी ने गिरफ्तार कर लिया. जिसके बाद अब काफी हंगामा देखने को मिल रहा है. आज आम आदमी पार्टी देशव्यापी प्रोटेस्ट करने वाली है.
Trending Photos
)
AAP Protest: आप नेता गोपाल राय ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है. बता दें, बीती शाम अरविंद केजरीवाल को शरब नीति से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया. जिसके बाद से आप कार्यकर्ताओं में काफी नाराज़गी देखने को मिल रही है. दिल्ली के मंत्री और आप नेता राय ने कहा, "...बीजेपी ने एजेंसियां भेजकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया...यह लोकतंत्र की हत्या है."
गोपाल राय ने कहा, ''कल सुबह 10 बजे हम दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की ईडी के जरिए गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे.'' यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे, गोपाल राय ने कहा, "कल एक खुला विरोध है. जो भी तानाशाही के खिलाफ है, उन सभी का इसमें शामिल होने के लिए स्वागत है."
वहीं आप नेता आतिशी ने कहा कि कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक के सदस्यों से समर्थन का आश्वासन दिया है. एक्साइज पॉलिसी मामले में दिल्ली के सीएम और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को ईडी की टीम द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ एर्नाकुलम में विरोध प्रदर्शन किया है.
आम आदमी पार्टी के दो सीनियर नेता मनीष सिसेदिया और संजय सिंह उत्पाद नीति मामले में न्यायिक हिरासत में हैं. दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सिसौदिया को कई दौर की पूछताछ के बाद 26 फरवरी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था. 5 अक्टूबर को ईडी ने राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को गिरफ्तार किया था.
ईडी की गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे. हालांकि, देर रात उनकी कोई खास सुनवाई नहीं हुई. सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय के जरिए उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई के लिए गुरुवार रात कोई विशेष पीठ गठित नहीं की गई थी.
इस बीच मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने बताया कि, ''हमने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की है. कल सुबह सुप्रीम कोर्ट में इसका जिक्र किया जाएगा. हमें उम्मीद है कि'' सुप्रीम कोर्ट लोकतंत्र की रक्षा करेगा.”
आतिशी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के समय पर भी सवाल उठाया और कहा कि दो साल की जांच में न तो सीबीआई और न ही ईडी को एक भी पैसा मिला है. आतिशी ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि बीजेपी जानती है कि केजरीवाल सबसे लोकप्रिय नेता हैं जो आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं.