UP Police Result 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पूरे प्रदेश में दूसरे पोजीशन पर आने वाले अब्दुल्ला ने सफलता का पूरा क्रेडिट माता-पिता और परिवार वालों को दिया. पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
UP Police Result 2025: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के अब्दुल्ला अली ने UP पुलिस भर्ती में दूसरी रैंक हासिल की है. उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले का मान भी बढ़ाया है. अब्दुल्ला ने इस सफलता का क्रेडिट अपने परिवार को दिया.
दरअसल, नगर के डिहवा स्थित आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले लियाकत अली पढ़े-लिखे नहीं हैं और पेशे से धोबी हैं. कपड़े धुल कर और उन्हें प्रेस कर वह अपने पूरे परिवार को पालते हैं. उनकी बीवी आसमा बानो भी पढ़ी-लिखी नहीं हैं. इसके बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं छोड़ी.
खुशी से झूम उठा परिवार
बड़े बेटे हैदर अली का 69,000 शिक्षक भर्ती में पहले ही टीचर के रूप में चयन हो चुका है. वहीं पांच दिन पहले जब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का रिजल्ट आया तो इनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा. इनके छोटे बेटे अब्दुल्ला अली का भी सलेक्शन इसमें हो गया. यह खुशी और ज्यादा हो गई, जब उन्हें पता चला कि बेटे ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है. माता-पिता ने अपने संघर्ष का परिणाम देखकर आज प्रसन्न हैं. उन्होंने बताया कि योगी बाबा की सरकार में बच्चे मेहनत कर रहे हैं और उन्हें उसका परिणाम भी मिल रहा है.
माता-पिता को दिया सफलता का क्रेडिट
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पूरे प्रदेश में दूसरे पोजीशन पर आने वाले अब्दुल्ला ने सफलता का पूरा क्रेडिट माता-पिता और परिवार वालों को दिया. उन्होंने बताया, "पिछली कई असफलताओं में परिवार वालों ने न सिर्फ साथ दिया बल्कि हमेशा मेरा हौसला ही बढ़ाया." जिले से ही अपनी पढ़ाई करने वाले अब्दुल्ला एग्रीकल्चर में स्नातक के साथ बीएड कर चुके हैं और सीटेट भी निकाल चुके हैं.
पिता ने की जमकर तारीफ
अब्दुल्ला कई वेकैंसी निकाल चुके हैं, तो कई के मेंस देने वाले हैं. आने वाले दिनों में उनकी योजना पीसीएस क्वालीफाई करने की है. पिता ने बेटे की तारीफ करते हुए कहा, "जिस भी एग्जाम की तैयारी कर रहें और अल्लाह उन्हें उसमें सफल करे. योगी बाबा की सरकार में वो और आगे बढ़ें. मेरा सभी से निवेदन है कि पढ़ने वाले बच्चे कभी निराश नहीं हों. उन्हें नौकरी अवश्य मिलेगी. जो भी लक्ष्य है, वो एक दिन जरूर पूरा होगा."