)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वज़ीरे आला योगी आदित्यनाथ को धमकी देने के मामले में यूपी एसटीएफ को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जांच टीम ने जान से मारने की धमकी देने वाले अमीन खान को मुंबई के चुना भट्टी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. एसटीएफ ने मुम्बई एटीएस के तआवुन से मुल्ज़िम को काबू किया है.
जानकारी के मुताबिक, मुल्ज़िम का पूरा नाम कामरान अमीन खान है. वो मांडवी मुंबई 3 का रिहाइशी है. मुल्ज़िम की उम्र 25 साल है. वो झावेरी बाजार मे सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी करता था. अमीन ड्रग के नशे का भी आदी है.
बता दें कि, मुल्ज़िम ने यूपी पुलिस के 112 पर व्हाट्सएप मैसेज भेज कर धमकी दी थी. उसने सीएम योगी को खास तबके का दुश्मन बताया था. जिसके बाद मुल्ज़िम के खिलाफ गोमतीनगर थाने में दफा -505(1), 505(2),506,507 के तहत केस दर्ज किया गया था.
एफआईआर दर्ज करने के बाद एसटीएफ की टीम तशकील दी गई. जिसने मुल्ज़िम को मुंबई से धर दबोचा. अब मुल्ज़िम के खिलाफ कल मुम्बई अदालत से ट्रांजिट रिमांड कुबूल करवाकर कानूनी कार्यवाही की जाएगी.
Zee Salaam Live TV