)
नई दिल्लीः इस्लाम न सिर्फ मुस्लमानों का है बल्कि ये पूरी इंसानियत और पूरी दुनिया के लिए है. ये सिर्फ इंसानियत, मोहब्बत, अमन और अखलाक की बात करता है. इसलिए जरूरी है कि इस्लाम को लेकर जो भ्रम पैदा हुआ है, इसे हम सब को मिलकर दूर करना होगा. इस्लाम में रेडिक्लिजम और एक्सट्रीमजम की कोई जहग नहीं है. हम सभी को आज आत्मचिंतन और आत्मउन्नयन करना होगा. उक्त बातें ऑल इंडिया सूफी सज्जादानशीं काउंसिल (All India Sufi Sajjadanashin Council) के मुखिया सैयद नसीरउद्दीन चिश्ती (Syed Nasiruddin Chishti) ने जी सलाम के संपादक इरफान शेख के साथ एक इंटरव्यू के दौरान कही.
भटके हुए लोगों को सही रास्ते पर लाना होगा
सैयद नसीरउद्दीन चिश्ती ने कहा कि इस्लाम और दहशतगर्दी को लेकर दुनियाभर में जो भ्रम के हालात पैदा हुए हैं, उनके लिए मुसलमान भी कम दोषी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग और संगठन इस्लाम का सहारा लेकर और उसका नाम बदनाम कर अपना एजेंडा चलाते हैं. उन्हें हमें रोकना होगा. उन्होंने कहा कि इस्लाम में आतंकवाद और चरमपंथ जैसी चीज की इजाजत नहीं है, जो भटके हुए लोग हैं, उन्हें सही रास्ते पर लाना होगा.
आत्मउन्नयन से आएगा सुधार
सैयद नसीरउद्दीन चिश्ती ने कहा कि इस्लाम में अखलाक यानी अच्छे व्यवहार और संस्कार की काफी अहमियत है. इसलिए एक मुसलमान को अपना व्यवहार और संस्कार ठीक करना होगा. तभी लोग इस्लाम की शिक्षाओं और इस्लाम का वास्तविक अर्थ समझेंगे. उन्होंने कहा कि इस्लाम की शिक्षाएं खानकाहों और दरगाहों से फैली है. लोग मुसलमानों का व्यवहार देखकर इस्लाम स्वीकार कर लेते थे. हमें ऐसा मुसलमान और इस्लाम लाना होगा. और इसका रास्ता सूफिजम से होकर गुजरता है, जहां आत्मचिंतन और आत्मउन्नयन पर जोर दिया जाता है.
गुमराह नौजवानों का सही रास्ता बताना जरूरी
चिश्ती साहब ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया का दौर है. युवा गलत जानकारी हासिल कर गुमराह हो रहे हैं. कुछ संगठन उन्हें गलत रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं. यह स्थिति ठीक नहीं है. युवाओं को सही रास्ता और तरीका बताना होगा. उन्होंने कहा कि भारत मुसलमानों के लिए दुनिया का सबसे अच्छा देश है. जितनी आजादी यहां लोगों को मिली है किसी अन्य देश में नहीं मिलती है. हम सबको इसकी इज्जत करनी चाहिए.
देश की तरक्की के लिए करें वोट
सैयद नसीरउद्दीन चिश्ती ने कहा कि देश में मुसलमानों को हमेशा जात और मजहब से ऊपर उठकर अपना वोट करना चाहिए. साथ ही उन्होंने कश्मीर मसले पर कहा कि यह मुल्क का ताज है. हम सब को देश की पूरी अवाम को कश्मीर के लिए सोचना होगा. वहां अमन और शांति कायम होगी तो पूरे देश में तरक्की और खुशहाली आएगी.
Video: