Operation Sindoor: भारत के स्वदेशी आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने भारत-पाक तनाव में दुश्मन के हर हमले को हवा में ही नाकाम किया. जानिए इस मिसाइल का सपना किसने देखा और क्यों है ये भारत की सबसे भरोसेमंद एयर डिफेंस सिस्टम.
Trending Photos
)
Akash Missile Defence System: भारत के स्वदेशी आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने भारत-पाक तनाव में अहम भूमिका निभाई. इसने दुश्मन के हर सटीक निशाने पर वार किया, जिसकी वजह से भारत को कोई नुकसान नहीं हुआ. आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने पल भर में पाकिस्तान के सभी ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया.ऐसे में क्या आप जानते हैं कि इस मिसाइल का सपना किसने देखा था और यह भारत की सबसे विश्वसनीय क्यों है? अगर नहीं जानते तो आइए हम आपको बताते हैं.
दरअसल, यह आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का ड्रीम प्रोजेक्ट था. यह खुलासा डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक प्रहलाद रामाराव ने किया है. उन्होंने कहा कि यह उनके दिल में एक खास जगह रखती है. स्वदेशी रूप से विकसित एयर डिफेंस सिस्टम आकाश मिसाइल डॉ. अब्दुल कलाम का सपना और पसंदीदा प्रोजेक्ट था. मैं चाहता हूं कि वे इस मिसाइल के प्रदर्शन को देखने के लिए यहां होते. मैं उनके विजन और समर्थन के लिए अपने दिल से उनका शुक्रिया अदा कर सकता हूं."
डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक प्रहलाद रामाराव ने बताया कि आकाश मिसाइल को बनाने के दौरान कई अहम पल और मुश्किलें आई थीं. इस मिसाइल का आइडिया सबसे पहले 1983 में आया था, जब वो हैदराबाद की रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला (DRDL) में एक युवा वैज्ञानिक थे. उस वक्त डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वहां के डायरेक्टर थे और रामाराव उन्हीं के साथ काम कर रहे थे.
किसने देखा इस मिसाइल का सपना
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. कलाम ने आकाश मिसाइल का सपना देखा था. एक ऐसी मिसाइल जो दुश्मन के विमानों और मिसाइलों को आसमान में ही रोक सके. रामाराव ने बताया कि मिसाइल बनाने के दौरान कई बार मुश्किलें आईं, लेकिन डॉ. कलाम का हौसला और टीम का मेहनती रवैया कभी कमजोर नहीं पड़ा. धीरे-धीरे इस मिसाइल ने ऐसा रूप लिया कि आज ये भारत की सबसे भरोसेमंद एयर डिफेंस सिस्टम बन चुकी है.
आकाश मिसाइल की कितनी है ताकत
प्रहलाद रामाराव ने बताया कि यह मिसाइल कैसे खास है और इसकी कितनी ताकत है. उन्होंने बताया कि यह मिसाइल एक साथ कई दुश्मन विमानों या मिसाइलों को ट्रैक कर सकती है और उन्हें नष्ट कर सकती है. यह मिसाइल 12 लक्ष्यों को एक साथ निशाना बना सकती है. यह तेजी से हिलने वाले और स्थिर दोनों तरह के लक्ष्यों को मार सकती है. साथ ही, यह अलग-अलग ऊंचाइयों पर काम कर सकती है और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध की तकनीक से लैस है.
ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका
गौरतलब है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारत की स्वदेशी आकाश एयर डिफेंस सिस्टम ने शानदार प्रदर्शन किया. इस सिस्टम ने पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए सभी ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया. दुश्मन के हर हमले को भारतीय वायु क्षेत्र में घुसने से पहले ही नाकाम कर दिया गया. आकाश मिसाइल सिस्टम की सटीकता और तेज़ी ने इस ऑपरेशन को और भी मजबूत बना दिया. यह भारत की तकनीकी ताकत और आत्मनिर्भर रक्षा प्रणाली का बेहतरीन उदाहरण बना.