)
Azam Khan Vs Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच सोमवार को राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह खुद नहीं चाहते कि आज़म खान जेल से बाहर आएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख को डर है कि अगर आजम खान जेल से बाहर आए तो इससे उनके पद को खतरा हो सकता है.
एएनआई के साथ एक खास इंटरव्यू में सीएम योगी ने कहा, "अखिलेश भी नहीं चाहते कि आजम खान जेल से बाहर आए क्योंकि उनकी (अखिलेश यादव की) हालत खतरे में पड़ जाएगी."
मुख्यमंत्री ने कहा कि "सपा प्रमुख को यह समझना चाहिए कि ये मामले अदालतों से संबंधित हैं, न कि राज्य सरकारों से. राज्य सरकार का उनसे कोई लेना-देना नहीं है. यह अदालतों का काम है कि वे जमानत दें, न कि राज्य सरकारों का. राज्य सरकार सिर्फ वही जवाब देती है जो अदालत ने पूछा है. इसे राज्य सरकार से जोड़ना गलत है."
बता दें कि हाल की सुनवाई में, सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को कोई राहत देने से इनकार कर दिया, जिन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में प्रचार करने के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी. आजम खान अपने खिलाफ दर्ज कई मामलों को लेकर पिछले साल फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बंद है.
ZEE SALAAM LIVE TV