)
Akhilesh Yadav on Malegaon Blast Case: महाराष्ट्र के मालेगांव विस्फोट मामले में NIA स्पेशल कोर्ट ने सभी आरिपियों को बरी कर दिया है. इसको लेकर देशभर में बयानबाजी तेज हो गई है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है और मालेगांव विस्फोट मामले में सभी आरोपियों को बरी किए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा, "मैंने रिपोर्ट नहीं पढ़ी, लेकिन इतनी बड़ी घटना में शामिल आरोपियों को सज़ा मिलनी चाहिए."
गौरतलब है कि 2008 में महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए बम धमाकों में 6 लोग मारे गए थे और दर्जनों घायल हुए थे. इस हमले में कई आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें से कुछ तथाकथित 'हिंदू आतंकवाद' से जुड़े थे. लंबी जांच और सुनवाई के बाद अब विशेष एनआईए अदालत ने सबूतों के अभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया है.
'दोषियों को मिलनी चाहिए सजा'
अखिलेश यादव ने अदालत के फैसले पर सीधे तौर पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर चिंता जाहिर की है. उन्होंने कहा कि जब इतनी बड़ी घटना होती है, तो लोगों को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को सज़ा मिलनी चाहिए, वरना लोगों का व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा.
बीजेपी सरकार पर बोला हमला
साथ ही उन्होंने कहा, "अगर अमेरिका में कोई बड़ी घटना होती है, तो क्या उसे दबाने के लिए हमारे देश में कोई खबर चलाई जाती है?" वहीं, बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "हमारा पड़ोसी देश हमारी अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर देगा. चीन हमारी ज़मीन और व्यापार, दोनों छीन रहा है. सरकार को चीन से सावधान रहने की ज़रूरत है."