)
नई दिल्ली: अक्सर देखा जाता है कि बच्चे अपने मां-बाप के रास्ते पर चलते हुए अपनी जिंदगी गुजारना आसान समझते हैं. तभी तो डॉक्टर का बेटा डॉक्टर, इंजीनियर का बेटा इंजीनियर और लीडर का बेटा अक्सर लीडर बनता है. लेकिन तमिलनाडु के एक बड़े कारोबारी के बेटे अमरनाथ ने एक अलग काम कर अपनी पहचान कायम की है.
कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक अंजैया के बेटे अमरनाथ पिता के कारोबार से एक दम अलग जैविक खेती में हाथ आजमा रहे हैं. मदुरै में 300 एकड़ जमीन में से 52 एकड़ के फार्म हाउस में फ्रूट्स की खेती कर लोगों को बेहतर फल मुहैया कर रहे हैं. शुरूआत से ही खेती के काम को पसंद करने वाले अमरनाथ का मकसद लोगों तक अच्छे फल पहुंचाना है. जिसमें दवा या अंग्रेजी खाद का इस्तेमाल नहीं किया गया हो.
अमरनाथ के इस काम में उसकी पत्नी स्नेहा भी हाथ बटाती है. मैनेजमेंट की तालीम हासिल करने वाली स्नेहा इस काम से बेहद खुश है. उनका कहना है कि शादी के बाद उन्हें ये काम काफी अच्छा लगा और वो अपने मैनेजमेंट का इस्तेमाल इस काम में भी बखूब करती है. स्नेहा बताती है इस काम में महज़ फसल उगाना, काटना और देखभाल करना ही नहीं बल्कि लोगों को सेहत के लायक फल देना है.
इतना ही नहीं अमरनाथ खेती के अलावा 60-70 गायों को भी पाल रखा है जिससे दूध के साथ उनके गोबर का इस्तेमाल खाद के लिए किया जाता है. अमरनाथ ने फलों, सब्जियों के अलावा मसालों की खेती कर उन नौजवानों के लिए एक मिसाल पेश की है जो कॉर्पोरेट कंपनियों के पीछे भागते जा रहे हैं.
Zee Salaam LIVE TV