Anuj Chaudhary Controversy: संभल के सीओ अनुज चौधरी के विवादित बयान मामले में अब मुश्किलें बढ़ गई हैं. योगी सरकार ने दी गई क्लीन चिट को रद्द कर दोबारा जांच के आदेश दिए हैं. जानिए पूरा मामला और अमिताभ ठाकुर की नई शिकायत.
Trending Photos
)
Anuj Chaudhary Controversy: उत्तर प्रदेश के संभल के सीओ अनुज चौधरी विवादित बयान देकर मुश्किलों में घिर गए हैं. फिलहाल उनकी मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं. संभल सीओ ने होली और जुमे को लेकर विवादित बयान दिया था. विवादित बयान देने के बाद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने सीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इस शिकायत के बाद संभल सीओ अनुज चौधरी के खिलाफ जांच शुरू की गई और जांच के बाद सीओ को क्लीन चिट दे दी गई लेकिन अब यह क्लीन चिट रद्द कर दी गई है. यह कार्रवाई पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर की शिकायत के बाद हुई है.
दरअसल, संभल के सीओ अनुज चौधरी ने होली और जुमा को लेकर विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि जुमा हर हफ्ते पड़ता है, जबकि होली साल में एक बार आती है, जो भी रंगों से परहेज करता है, वह अपने घर के अंदर ही रहे. सीओ का यह बयान सोशल मीडिया पर इतना वायरल हुआ कि देश की सियासत गरमा गई.
सीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज
हर तरफ सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग होने लगी, इसी दौरान अमिताभ ठाकुर ने 9 अप्रैल को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ अनुज चौधरी सेवा आचरण और वर्दी नियमों का उल्लंघन करते हुए धार्मिक टिप्पणी करते हैं, जिससे समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलता है. होली और जुमा को लेकर दिया गया बयान गैर जिम्मेदाराना और भड़काऊ था.
कौन दोबारा दर्ज कराया है शिकायत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संभल सीओ को क्लीन चिट मिलने के बाद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई. जांच अधिकारी एसपी कानून व्यवस्था मनोज कुमार अवस्थी और एएसपी उत्तरी श्रीशचंद्र ने अनुज चौधरी समेत अन्य संबंधित पक्षों से पूछताछ की, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया. पूर्व IPS ने इसे मुख्य सचिव के आदेशों का उल्लंघन बताया. पहली जांच रिपोर्ट में पीस कमेटी के सदस्यों ने सीओ के बयान को गलत नहीं माना और कहा कि जुमा अलविदा, होली और ईद जैसे त्योहार शांतिपूर्वक मनाए गए. इसी आधार पर 17 अप्रैल को सीओ को क्लीन चिट दे दी गई.
सरकार ने दिए आदेश
अब इस शिकायत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने शिकायतकर्ता का पक्ष लिए बिना दी गई क्लीन चिट को रद्द कर दिया है और दोबारा जांच के आदेश दिए हैं. इस मामले की जांच कर रहे एएसपी श्रीशचंद्र ने अमिताभ ठाकुर को 3 दिन में आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा है. अनुज चौधरी ने यह बयान होली से ठीक पहले शांति समिति की बैठक में दिया था.