Are Indian Muslims Facing Discrimination: भारत का संविधान स्वतंत्रता, समानता, न्याय, बंधुत्व और धर्मनिरपेक्षता की बात करता है, लेकिन ज़मीनी हकीकत इन आदर्शों से मेल नहीं खाती है सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर देश के अल्पसंख्यक समुदाय के साथ भेदभाव एक हकीकत बन चुकी है. मुस्लिम स्कॉलर मुहम्मद उस्मान एडवोकेट अज़हरी भारत में मुसलमानों के साथ धार्मिक भेदभाव पर एक बहुस्तरीय विश्लेषण पेश कर रहे हैं. पढ़ने के लिए स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
भारत अपने संविधान में स्वतंत्रता, समानता, न्याय, बंधुत्व और धर्मनिरपेक्षता की बात करता है, लेकिन ज़मीनी हकीकत एक असहज सवाल खड़ा करता है-क्या ये आदर्श हर नागरिक के लिए समान रूप से लागू हो रहे हैं, या कुछ समुदायों के लिए इनका दायरा व्यवहार में सिमटता जा रहा है? मुसलमानों के संदर्भ में यह सवाल न अब सिर्फ भावनात्मक प्रतिक्रिया है, बल्कि अनेक स्तरों पर उभरते अनुभवों, घटनाओं और प्रवृत्तियों का परिणाम है. यह कहना आसान है कि कानून सबके लिए बराबर है, लेकिन असली कसौटी यह है कि उसका लागू होना कितना बराबर है?
सामाजिक न्याय की बहस में जब आरक्षण की बात आती है, तो यह दलील दी जाती है कि भारत में आरक्षण मजहब की बुनियाद पर नहीं, बल्कि पिछड़ेपन के आधार पर है. सिद्धांततः यह सही है, लेकिन व्यवहार में कई मुस्लिम समुदाय ऐसे हैं, जो सामाजिक और शैक्षणिक रूप से बेहद पिछड़े हैं, फिर भी उनकी समस्याएँ नीतिगत प्राथमिकता में वह स्थान नहीं पा पातीं जिसकी उन्हें ज़रूरत है. इससे एक गहरी असमानता बनी रहती है, जो सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि अवसरों की संरचना से जुड़ी होती है.
राजनीतिक प्रतिनिधित्व की स्थिति और भी चिंताजनक है. लोकतंत्र में बहुमत सिर्फ आबादी तक सीमित नहीं होती, बल्कि सत्ता संरचना में भागीदारी से उसका मतलब बनता है. अगर किसी समुदाय की मौजूदगी निर्णय लेने वाले मंचों पर लगातार घटती जाती है, तो उसके मुद्दे स्वाभाविक रूप से हाशिए पर चले जाते हैं. यह प्रक्रिया धीमी हो सकती है, लेकिन इसका असर गहरा और दीर्घकालिक होता है.
रोजगार और आर्थिक अवसरों के क्षेत्र में भी एक अदृश्य दीवार की बात बार-बार सामने आती है. यह दीवार कानून में नहीं लिखी होती, लेकिन व्यवहार में महसूस की जाती है- भर्ती के अवसरों में असमानता, निजी क्षेत्र में कम प्रतिनिधित्व, और सामाजिक पूर्वाग्रहों के कारण सीमित संभावनाएँ. जब आर्थिक अवसर सीमित होते हैं, तो उसका असर शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन की समग्र गुणवत्ता पर पड़ता है.
कानून-व्यवस्था के स्तर पर सबसे गंभीर सवाल तब उठते हैं, जब पीड़ित और आरोपी की पहचान के आधार पर प्रतिक्रिया अलग-अलग दिखाई देती है. यह सिर्फ इल्ज़ाम नहीं, बल्कि कई घटनाओं में बार-बार उठने वाली शिकायत है कि शिकायत दर्ज कराने से लेकर जांच और कार्रवाई तक, एक समान मानक का पालन नहीं होता है. अगर किसी समुदाय को यह महसूस होने लगे कि इन्साफ की प्रक्रिया उसके लिए ज्यादा मुश्किल है, तो यह सिर्फ प्रशासनिक समस्या नहीं रहती, बल्कि विश्वास के संकट में बदल जाती है.
हाल के वर्षों में भीड़ हिंसा और घृणा-आधारित अपराधों की घटनाओं ने इस चिंता को और गंभीर किया है. इन मामलों में अक्सर पीड़ितों की पहचान चर्चा का केंद्र बन जाती है, जबकि कानून का सिद्धांत स्पष्ट है कि अपराध का कोई धर्म नहीं होता है. इसके बावजूद, कार्रवाई की गति, राजनीतिक प्रतिक्रिया और सामाजिक सहानुभूति में अंतर दिखाई देता है, जो यह संकेत देता है कि समस्या सिर्फ कानून की नहीं, बल्कि उसके प्रति सामूहिक नज़रिये की भी है.
प्रशासनिक कार्रवाइयों, विशेषकर बुलडोज़र जैसी सख्त कार्रवाईयों ने भी एक नई बहस को जन्म दिया है. अगर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, तो उसका स्वागत होना चाहिए, लेकिन सवाल तब उठता है जब यह कार्रवाई चयनात्मक होती है. अगर समान परिस्थितियों में अलग-अलग लोगों के साथ अलग व्यवहार होता है, तो यह सिर्फ प्रशासनिक फैसला भर नहीं रह जाता है, बल्कि संवैधानिक समानता के सिद्धांत को चुनौती देने लगता है. कानून का डर तभी न्यायसंगत माना जाता है, जब वह समान रूप से लागू हो, वरना वह शक्ति प्रदर्शन में बदल सकता है.
मीडिया की भूमिका इस पूरे परिदृश्य में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है. अगर किसी समुदाय को बार-बार संदेह, अपराध या नकारात्मकता के फ्रेम में पेश किया जाता है, तो यह सिर्फ खबर नहीं रहती, बल्कि जन धारणा को आकार देने का माध्यम बन जाती है. जब घटनाओं की रिपोर्टिंग में संतुलन नहीं होता, तो समाज में अविश्वास और दूरी बढ़ती है.
इन सबके बीच सबसे सूक्ष्म लेकिन सबसे व्यापक स्तर सामाजिक व्यवहार का है. मकान किराए पर देने से लेकर कारोबारी संबंधों तक, और सार्वजनिक जीवन में स्वीकार्यता से लेकर निजी बातचीत तक, अगर एक समुदाय को लगातार अलग नज़र से देखा जाता है, तो यह अनुभव धीरे-धीरे असुरक्षा में बदल जाता है. यह असुरक्षा सिर्फ भय का नहीं, बल्कि अधिकारों के क्षरण का संकेत होती है.
निष्कर्ष:-इन सभी पहलुओं को जोड़कर देखना ज़रूरी है, लेकिन उतना ही ज़रूरी है कि हर इल्ज़ाम को ठोस तथ्यों और तुलनात्मक विश्लेषण के आधार पर परखा जाए. किसी भी लोकतंत्र की मजबूती इसी में है कि वह आलोचना को स्वीकार करे और सुधार की दिशा में आगे बढ़े. अगर किसी समुदाय के अंदर यह भावना गहरी होती जा रही है कि उसके साथ समान व्यवहार नहीं हो रहा, तो इसे खारिज करना समाधान नहीं है. इसे समझना, जांचना और जहां ज़रूरी हो वहां सुधार करना ही लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है.
लेखक -
मुहम्मद उस्मान एडवोकेट अज़हरी, एक मुस्लिम स्कॉलर हैं. लेख में व्यक्त उनके विचार निजी विचार हैं.
इसे भी पढ़ें: संगमरमर मस्जिद तोड़ने पर रोक, लेकिन नई ज़मीन तलाशने के HC के आदेश से मुसलमान बेचैन!
इसे भी पढ़ें: कानफोड़ू डीजे से माहौल बिगाड़ने की कोशिश, शांति समझौता तोड़ मस्जिद के सामने हुड़दंग
इसे भी पढ़ें: महाकाल की नगरी में फिर गरजा बुलडोजर, पांच मुस्लिम परिवारों का उजड़ा आशियाना