)
Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं. लेकिन, उन्होंने एक शर्त रखी है. उनकी शर्त है कि वह एजेंसी के सभी सवालों के जवाब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग केजरिए देंगे. बता दें, ईडी उनके दिल्ली की नई आबकारी नीति से जुड़े मामले में पूछताछ करना चाहती है.
पिछले महीने, प्रवर्तन निदेशालय ने केजरीवाल को आठवां समन जारी किया था, जिसमें उन्हें 4 मार्च (सोमवार) को पूछताछ के लिए मौजूद होने के लिए कहा गया था. हालांकि, AAP सुप्रीमो ने समन को नजरअंदाज करने का फैसला किया है क्योंकि दिल्ली सरकार आज विधानसभा में अपना बजट पेश करेगी.
जांच एजेंसी को अपने जवाब में, मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं और दोहराया कि समन "अवैध" थे. उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होने के लिए 12 मार्च के बाद की तारीख मांगी है. 26 फरवरी को, केजरीवाल प्रवर्तन निदेशालय के सातवें समन में शामिल नहीं हुए थे, आप ने कहा था कि मामला "अदालत में लंबित" है और इसकी सुनवाई 16 मार्च को होगी, और पार्टी गुजारिश करती है कि एजेंसी कोर्ट के फैसले का इंतेजार करे.
ताजा घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता हरीश खुराना ने सवाल किया कि केजरीवाल बार-बार प्रवर्तन निदेशालय के समन को क्यों नजरअंदाज कर रहे हैं. उन्होंने कहा,"हर बार की तरह इस बार भी केजरीवाल आठवें समन में शामिल नहीं हुए. क्या उन्होंने 12 मार्च को कोई शुभ मुहूर्त निकाला है? वह प्रवर्तन निदेशालय से पूछताछ से क्यों बच रहे हैं?''
बता दें, अरविंद केजरीवाल ने ईडी के सभी समन स्किप किया है और कहा है कि वह गैर कानूनी हैं. हालांकि आठवें समन का उन्होंने जवाब दिया है और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की बात कही है. पहले सात समन 26 फरवरी, 14 फरवरी, 2 फरवरी, 18 जनवरी, 3 जनवरी, 22 दिसंबर, 2023 और 2 नवंबर, 2023 को जारी किए गए थे.