Punjab Election 2022: पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार (Ashwani Kumar) ने कांग्रेस पार्टी से आज इस्तीफा दे दिया है.
Trending Photos
)
नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस (Congress) पार्टी को एक और तगड़ा झटका लगा है. पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार (Ashwani Kumar) ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. जिसके बाद अब उनका रिएक्शन सामने आया है. अश्विनी कुमार ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी जमीनी हकीकत से दूर जा चुकी है और वह अब राष्ट्रीय मिजाज को प्रदर्शित नहीं करती.
गुलाम नबी से साथ हुए सुलूक पर जताया अफसोस
उन्होंने कहा कि वह पार्टी के भीतर धैर्य रखने की पराकाष्ठा तक पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रेरक कियादत का आभाव है और वह वजूद की चुनौती का सामना कर रही है. कुमार ने दावा किया कि कांग्रेस अपने पतन ओर बढ़ रही है, लेकिन वह आत्मावलोकन करने के लिए तैयार नहीं है. इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने और गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण दिए जाने को लेकर छिड़े विवाद पर दुख जताते हुए कुमार ने कहा कि यह घटनाक्रम तुच्छ रवैये को प्रदर्शित करता है, जिसकी कांग्रेस से उम्मीद नहीं की जाती.
पंजाप कांग्रेस में सीएम उम्मीदवारी की लड़ाई को बताया तुच्छ
यह पूछे जाने पर कि क्या पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ दिनों पहले उनके कांग्रेस छोड़ने का कोई कास वजह है, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में राजनीतिक विमर्श कभी इतने निचले स्तर का नहीं था. मुख्यमंत्री पद को लेकर सरेआम लड़ाई कांग्रेस के लिए खराब स्थिति रही और इस घटनाक्रम ने हम सभी को तुच्छ साबित किया. ऐसा लगा कि कुछ लोगों को छोड़कर बाकी सभी लोग अप्रासंगिक हैं या सम्मान के हकदार नहीं है.'
'अमरिंदर सिंह को अपमानित किया गया'
उन्होंने दावा किया, ‘‘अमरिंदर सिंह को अपमानित किया गया और इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया, जो अशुभ संकेत था. वह इससे कहीं बेहतर के हकदार थे. पंजाब की अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए यह जरूरी है कि एक प्रगतिशील और परस्पर सहमति वाली राजनीति हो और तुच्छ व्यक्तिगत पूर्वाग्रहों को खत्म किया जाए.'
किसी पार्टी के ज्वॉइन करने के सवाल पर साधी चुप्पी
भविष्य की योजना के बारे में पूछे जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने अभी किसी पार्टी में शामिल होने के बारे में नहीं सोचा है, लेकिन मेरा इरादा यह जरूर है कि जनता और देश के लिए काम करने में सक्रिय बना रहूं. भविष्य के आगोश में क्या है, इस बारे में अभी से कुछ कहा नहीं जा सकता.'
'पंजाब के चुनाव परिणाम बहुत सारे लोगों को चौंकाएंगे'
पंजाब विधानसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के चुनाव परिणाम बहुत सारे लोगों को चौंकाएंगे. मुझे लगता है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में बहुत आसानी से अगली सरकार बना लेगी और भगवंत मान राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. पंजाब सनसनीखेज राजनीतिक बदलाव के लिए तैयार है.'
जी 23 पर भी अश्विनी
कुमार ने यह भी कहा कि उनका कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह से कोई लेनादेना नहीं है. यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते हैं कि भाजपा का मुकाबला करने से डरने वाले लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं, इसपर कुमार ने कहा, ‘‘पार्टी छोड़ने को मजबूर नेताओं में कमी निकालने से बेहतर यह होगा कि पार्टी नेतृत्व अपना आत्मावलोकन करे.'
(इनपुट भाषा)
Zee Salaam Live TV: