)
गुवाहाटी: कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव से पहले महिला वोटर्स को लुभाने के लिए सरकारी नौकरी में महिलाओं को आरक्षण देने का ऐलान किया हैं. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि यदि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व गंठबंधन महाजोत सत्ता में आती है तो महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 फीसद कोटे की गांरटी दी जाएगी.
इन दलों के साथ कांग्रेस का हुआ हैं गठबंधन
असम की राजधानी गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुष्मिता देव ने कहा कि 'महाजोत' का मुख्य उद्देश्य युवाओं और महिलाओं का कल्याण हैं. असम के 126 विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने एआईयूडीएफ, बीपीएफ, भाकपा, माकपा, भाकपा (माले), राजद और आंचलिक गण मोर्चा (एजीएम) के साथ चुनावी गठबंधन किया है. महाजोत के नाम से विपक्षी दलों का यह महागठबंधन बीजेपी नेतृत्व वाले गठबंदन के खिलाफ चुनाव लड़ रहा है.
इतने करोड़ हैं महिला वोटर्स
असम में महिला वोटर्स की संख्या काफी है. महिला मतदाता को लुभाने के लिए पार्टी की ओर से यह ऐलान किया गया है. आंकड़ों पर ध्यान दें तो , प्रदेश में 2.31 करोड़ वोटर्स हैं. इनमें से 1.14 करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता हैं. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हाल ही में असम दौरे पर आईं थी. इस दौरान उन्होंने अपने भाषण में कई चुनावी वादे किए.
अलग विभाग बनाने का किया वादा
कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कहा कि महागठबंधन को सत्ता मिलने पर रोजगार सृजन के लिए एक अलग विभाग बनाया जाएगा. उन्होंने कहा, 'हम सरकार बनने पर पांच लाख सरकारी नौकरी देने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं. भाजपा ने पांच साल में 25 लाख नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन असल में पांच साल में केवल 80,000 युवाओं को ही रोजगार मिला'.
तीन चरणों में होगा मतदान
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) के मुताबिक असम में तीन चरणों में मतदान होगा. जिसके पहले चरण में 47 सीटों पर 29 मार्च को, दूसरे चरण में 39 सीटों पर 1 अप्रैल और तीसरे चरण में 40 सीटों पर 6 अप्रैल को वोटिंग होगी और परिणाम 2 मई का आएगा. असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं.
LIVE TV