)
Manipur Phase 1 Polling: मणिपुर विधानसभा के लिए सुबह सात बजे पहले चरण का मतदान शुरू हुआ. कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए पांच जिलों की 38 सीटों के लिए मतदान हो रहा है.
मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सोमवार को सुबह नौ बजे तक करीब 10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जहां 60 में से 38 निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक उन पांच जिलों में से किसी से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है जहां चुनाव बेहद सुचारू रूप से चल रहे हैं.
सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं सहित पुरुष और महिलाएं मतदान केंद्रों के सामने कतार में लग गए थे। मतदान बिना किसी ब्रेक के शाम 4 बजे तक जारी रहेगा.
इस चरण में 15 महिलाओं सहित 173 उम्मीदवार मैदान में हैं. कुल 1,721 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं और 12,09,439 लोगों के पास मताधिकार है.
इस चरण के लिए जिन विधानक्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है, उनके प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एन बीरेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष वाई खेमचंद सिंह, उप मुख्यमंत्री एवं नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) उम्मीदवार युमनाम जॉयकुमार और कांग्रेस की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष एन लोकेश सिंह शामिल हैं.
इन 38 सीटों में से, इम्फाल पूर्व में 10 निर्वाचन क्षेत्र, इम्फाल पश्चिम में 13, बिष्णुपुर और चुराचांदपुर में छह-छह और कांगपोकपी जिले में तीन हैं. मणिपुर के मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि कुल 173 उम्मीदवारों में से 39 का आपराधिक इतिहास है. मतदान शाम चार बजे तक चलेगा. दोपहर तीन से शाम चार बजे तक कोविड-19 के मरीज मतदान करेंगे. दूसरे चरण के लिए मतदान पांच मार्च को होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी.
मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को पहले चरण का मतदान शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर राज्यपाल ला गणेशन और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाला. इम्फाल पश्चिम जिले के सगोलबंद निर्वाचन क्षेत्र में टीजी उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केन्द्र में वोट डालने के बाद राज्यपाल गणेशन ने मणिपुर के सभी पात्र मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की.
Video: