इंदौर के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने बुधवार को बताया कि पिछले दो-तीन दिन में इंदौर के करीब 25 लोगों ने मुझसे संपर्क कर अपने बच्चों के सकुशल वापसी की मांग की है.
Trending Photos
)
इंदौरः रूस के आक्रमण के खतरे के बीच यूक्रेन में इंदौर के कम से कम 25 विद्यार्थी फंस गए हैं और उनके चिंतित परिजनों ने भारत सरकार से उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी में मदद की गुहार लगाई है. इंदौर के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने बुधवार को बताया कि पिछले दो-तीन दिन में इंदौर के करीब 25 लोगों ने मुझसे संपर्क कर मुझे बताया है कि यूक्रेन में पढ़ रही उनकी संतानें वहां फंसी हुई हैं. रूस के आक्रमण के खतरे के चलते ये विद्यार्थी जल्द से जल्द अपने घर लौटना चाहते हैं.
रूसी आक्रमण के खतरे के कारण चिंतित हुए अभिभावक
लालवानी ने बताया कि वह भारत के विदेश मंत्रालय से संपर्क कर इन विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी के प्रयास कर रहे हैं और उन्होंने इस विषय में विदेश मंत्री एस. जयशंकर को एक पत्र भी लिखा है. इंदौर के चिंतित परिजनों में शामिल अखिलेश राव ने बताया कि उनका बेटा प्रणय राव यूक्रेन की टर्नोपिल नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है. उन्होंने कहा कि रूसी आक्रमण के खतरे के कारण मैं यूक्रेन में अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं. राव ने बताया कि यूक्रेन में उनके बेटे की तरह इंदौर और इसके आस-पास के करीब 25 मेडिकल विद्यार्थी फंसे हैं.
यूक्रेन से उड़ान सेवाएं बढ़ाने पर विचार कर रही है सरकार
रूस के साथ तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर पूर्वी यूरोपीय देश में मौजूद अपने नागरिकों को वहां से निकलने की सुविधा देने के लिए सरकार भारत और यूक्रेन के बीच उड़ान सेवाएं बढ़ाने की संभावनाएं खंगाल रही है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारत और यूक्रेन के बीच उड़ानों की संख्या कैसे बढ़ाई जाए इसे लेकर नागर विमानन प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइंस के बीच बातचीत जारी है. यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को भारतीय नागरिकों, खास तौर से छात्रों को सलाह दी कि वे मौजूदा हालात की अस्थिरता के मद्देनजर अस्थाई रूप से देश (यूक्रेन) छोड़ दें. दूतावास ने भारतीयों को यूक्रेन की किसी भी गैरजरूरी यात्रा से बचने की भी सलाह दी है.
Zee Salaam Live Tv