)
नई दिल्लीः दिल्ली में सरकार अगर किराया संशोधन समिति की सिफारिशों को कबूल कर लेती है तो राजधानी में ऑटो और टैक्सियों में यात्रा करना और महंगा हो सकता है. समिति ने अपनी सिफारिशों में किराये में इजाफे का प्रस्ताव दिया है.
सूत्रों ने बताया कि ऑटो-रिक्शा और टैक्सियों के किराए में संशोधन करने वाली दिल्ली सरकार की इस समिति ने तिपहिया वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर एक रुपये और टैक्सियों के किराए में 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की सिफारिश की है. ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच, दिल्ली सरकार ने पिछले महीने ऑटो और टैक्सियों के किराए में संशोधन के लिए एक समिति का गठन किया था. इस समिति ने अपनी रिपोर्ट दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को सौंप दी है. उन्होंने बताया कि समिति ने अपनी इस रिपोर्ट में किराया बढाने की सिफारिश की है. रिपोर्ट में की गयी सिफारिशों पर कबिनेट में चर्चा होगी.
ऑटो और टैक्सी संघ काफी दिनों से इस बात की मांग कर रहे हैं कि ईंधन की दामों में लगातार हो रही वृद्धि से किराया बढ़ाना उनके लिए जरूरी हो गया है. हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल के अलावा सीएनजी के दामों में लगातार वृद्धि की गई है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जहां कमी करने का ऐलान किया है, वहीं सीएनजी की कीमतों को लेकर ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है.
Zee Salaam