)
UP News: आज़ाद समाज पार्टी ने शुक्रवार को लखनऊ के चौक स्थित अटल बिहारी कन्वेंशन सेंटर में 'मुस्लिम संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्तलिफ जिलों से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुए.
पार्टी के प्रदेश सचिव आज़ाद अनिकेत धानुक ने इस संवाद को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मुस्लिम समुदाय की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में एक सार्थक प्रयास है. 'मुस्लिम संवाद' में मुस्लिम समुदाय से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई. कार्यक्रम में मुस्लिम धर्मगुरु, शिक्षक, समाजसेवी और सूफी दरगाहों से जुड़े लोग मौजूद थे.
लोकसभा सांसद आजाद ने कहा कि मौजूदा में मुस्लिम समुदाय कई स्तरों पर भेदभाव का शिकार हो रहा है. चाहे शिक्षा हो या राजनीति, मुसलमान पिछड़ रहे हैं. उन्होंने कहा, "जो राजनीतिक दल खुद को मुसलमानों का हितैषी बताते हैं, वे केवल वोट के समय ही उनकी ओर देखते हैं. जब अधिकारों और भागीदारी की बात आती है, तो यही दल मुसलमानों को पीछे छोड़ देते हैं."
'मुसलमानों का दिलाना है अधिकार'
उन्होंने यह भी कहा कि आज़ाद समाज पार्टी का उद्देश्य मुसलमानों को उनके अधिकार दिलाना है. पार्टी चाहती है कि मुस्लिम समुदाय विकास की मुख्यधारा में शामिल हो, उन्हें समान अवसर मिलें और समाज के हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी हो. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मांग की कि शिक्षा, रोज़गार, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर मुस्लिम समुदाय की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाए और सरकारें उनके लिए ठोस नीतियां बनाएं.
आजाद समाज पार्टी ने किया बड़ा ऐलान
इस संवाद कार्यक्रम को एक शांतिपूर्ण और सार्थक पहल बताया गया, जिसका उद्देश्य समाज में भाईचारा, समावेशिता और समानता को बढ़ावा देना है. आज़ाद समाज पार्टी ने घोषणा की कि वह अल्पसंख्यकों की समस्याओं को एक मंच प्रदान करने के लिए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी और उनके समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.