)
Azam Khan Bail: जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आज़म खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से एक पुराने मामले में बड़ी राहत मिली है. बुधवार को डूंगरपुर के बहुचर्चित केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की जमानत याचिका को मंजूर कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जेल में बंद आजम खान ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत की गुहार लगाई थी. उनकी याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में 12 अगस्त को सुनवाई पूरी हो गई थी. कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद आजम खान की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. जस्टिस समीर जैन की सिंगल बेंच ने बुधवार को अपना फैसला सुनाते हुए आजम खान को जमानत दे दी है.
हालांकि आजम खान अभी सलाखों के अन्दर ही रहेंगे. जेल से बाहर नहीं आ पायेंगे, क्योंकि उनके खिलाफ एक और मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में अभी लंबित है, जिसमें अभी फैसला नहीं आया है. उस मामले में अगर आजम खान को राहत मिलती है तो उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो जाएगा.
गौरतलब है कि आजम खान समेत दीगर लोगों के खिलाफ साल 2019 में रामपुर के गंज थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ता अबरार हुसैन ने इल्ज़ाम लगाया था कि आजम खान 2016 में कैबिनेट मंत्री रहते हुए अपने ओहदे का दुरुपयोग किया था. खान कई लोगों के साथ उसके डूंगरपुर घर पर पहुंचे थे, जहाँ उसे जान से मारने की धमकी दी गई और जबरन उसके मकान में तोड़फोड़ कर उसपर कब्जा कर लिया गया.
इस मामले में 2019 में एफआईआर दर्ज होने के बाद साल 2024 में रामपुर की एमपी एमएलए कोर्ट ने आजम खान को दोषी मानते हुए 10 साल की सजा सुनाई थी. इसी मामले में आजम खान इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचे थे. आजम खान ने हाईकोर्ट से जमानत की गुहार लगाई थी. इस मामले में आजम खान की तरफ से पूर्व अपर महाधिवक्ता इमरान उल्लाह और मोहम्मद खालिद ने दलील पेश की थी, जिसमें उनकी लंबी उम्र और बीमारी का हवाला दिया गया था.
12 अगस्त को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसले को रिजर्व रख लिया था. बुधवार को हाईकोर्ट ने फैसला सुनाते हुए आजम खान को इस मामले में जमानत दे दी है.
आज़म खान के खिलाफ बकरी चोरी और लाइब्रेरी से किताब चोरी से लेकर ज़मीन कब्जाने तक के लगभग 80 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से ज़्यादातर मुकदमों में उन्हें जमानत मिल चुकी है. कई मामलों में वो निर्दोष भी साबित चो चुके हैं. हेट स्पीच के मामले में सजा होने के बाद उनकी संसद सदस्यता चली गई थी. आज़म खान के अलावा उनकी पत्नी और पूर्व विधायक बेटे पर भी केस चल रहे हैं. आजम खान अपने परिवार के खिलाफ इस मुकदमों को भाजपा सरकार की साजिश बताते रहे हैं.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam