Bahraich News: बहराइच के एक मदरसे में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के औचक निरीक्षण में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं. मदरसे के अध्यापक मोहम्मद जियाउद्दीन हसन भी गैरहाज़िर पाए गए.
Trending Photos
)
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है. जहां जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अचानक निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. छोटी तकिया इलाके के एक मदरसे के प्रिंसिपल और कई टीचर अटेंडेंस रजिस्टर में अपनी हाजिरी लगा रहे थे, लेकिन असलियत में वे गायब थे. जब विभागीय अधिकारी अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे तो यह मामला सामने आया. यह सब देख अधिकारी हैरान रह गए और मौके पर ही लापरवाह कर्मचारियों को फटकार लगाई.
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय मिश्रा ने बहराइच शहर स्थित मदरसा जामिया अशरफिया मसऊदुल उलूम छोटी तकिया का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका में प्रधानाचार्य मोहम्मद शमीम आलम, आलिया अध्यापक गुल मोहम्मद खान व तहतानिया अध्यापक अब्दुल अजीज नईमी के हस्ताक्षर अंकित थे, हालांकि वह मदरसे में उपस्थित नहीं थे.
बड़ी लापरवाही आई सामने
बहराइच के एक मदरसे में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के औचक निरीक्षण में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं. मदरसे के अध्यापक मोहम्मद जियाउद्दीन हसन भी गैरहाज़िर पाए गए. क्लास 9, 10 (मौलवी) और कक्षा 11, 12 (आलिम) की पढ़ाई पूरी तरह बंद मिली. मदरसे में मिड-डे मील (MDM) भी निर्धारित मीनू के अनुसार नहीं बना था.
कमियों को देखकर नाराज हो गए अधिकारी
सोमवार को बच्चों को रोटी और सब्जी मिलनी चाहिए थी जिसमें सोयाबीन या दाल बड़ी होनी चाहिए थी और साथ में ताजे मौसमी फल भी दिए जाने चाहिए थे लेकिन बच्चों को सिर्फ चावल और आलू-परवल की सब्जी दी गई. बच्चों की उपस्थिति भी काफी कम थी. कक्षा 2 में कुल 28 छात्रों में से सिर्फ 4 ही उपस्थित थे. दूसरे क्लास में भी उपस्थिति बेहद कम देखी गई. मदरसे की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी. इन सभी कमियों को देखकर अधिकारी नाराज़ हो गए और मौके पर ही संबंधित स्टाफ को फटकार लगाई. उन्होंने जल्द सुधार लाने के निर्देश दिए.