)
MP News: देश में किसी भी त्यौहार के दौरान हिंदू संगठन सक्रिय हो जाते हैं और मुसलमानों के बहिष्कार का आह्वान करते हैं. 20 अक्टूबर को पूरे देश में दिवाली धूमधाम से मनाई जाएगी. लोग इस जश्न के लिए बड़ी मात्रा में पटाखे खरीद रहे हैं. इसी बीच, मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में हिंदू संगठन बजरंग दल ने दिवाली से पहले पटाखा बाज़ार में कई दुकानों पर मुसलमानों के बहिष्कार के लिए भगवा झंडे लगाए हैं. बजरंग दल के कार्यकर्ता पटाखा बाजार पहुंचे और कई दुकानों पर भगवा झंडे लगाते हुए दावा किया कि ये झंडे सनातन धर्म के पालन करने वाले दुकानदारों की पहचान के तौर पर लगाए जा रहे हैं.
बजरंग दल का इल्जाम है कि बाजार में कुछ ऐसे लोग भी दुकान चला रहे हैं जो दूसरे मजहब से हैं, लेकिन हिंदू नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि ग्राहकों को भ्रमित किया जा सके. बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें व्यापार से आपत्ति नहीं है, लेकिन दुकानदारों को अपने असली नाम से ही व्यापार करना चाहिए. दीपावली हिंदू धर्म का पर्व है, इसलिए लोगों को अपना त्योहार, अपने समाज के लोगों से ही खरीदारी करनी चाहिए.
'मुसलमान नाम बदलकर बेंच रहे हैं पटाखा'
बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि कुछ दुकानदार मुस्लिम समुदाय से हैं, जिन्होंने नाम बदलकर पटाखा बाजार में दुकानें लगाई हैं. हम इसका विरोध करते हैं. प्रशासन को ऐसे दुकानदारों को निर्देश देना चाहिए कि वे अपने असली नाम के बोर्ड लगाएं, वरना हम आंदोलन करेंगे.”
हिंदू संगठन ने दी ये दलील
संगठन के सदस्यों ने यह भी कहा कि उन्होंने धार्मिक पारदर्शिता के नाम पर यह अभियान शुरू किया है ताकि लोग यह जान सकें कि वे किससे खरीदारी कर रहे हैं. कई दुकानों पर भगवा झंडे लगाने के बाद बाजार में तनाव का माहौल बन गया. हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.