)
लखनऊः भाजपा के बाद मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी (Manifisto for UP Assembly Election 2022) कर दिया. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने (SP President Akhilesh Yadav)’समाजवादी वचन पत्र’((Samajwadi Vachan Patra) ) के नाम से पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. अखिलेश ने इस मौके पर कहा कि मुझे याद है कि वर्ष 2012 में सपा ने जब अपना चुनाव घोषणापत्र जारी किया था तो उसे पूरी तरह लागू किया गया था. कई ऐसी चीजें जो घोषणापत्र में शामिल नहीं थीं, उन्हें भी सपा सरकार ने पूरा करके दिखाया था. आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए सपा ने अपना घोषणापत्र बनाया है.
समाजवादी वचन पत्र : 22 में 22 संकल्प
सत्य वचन ~ अटूट वादा
जो कहा वो कर दिखाया pic.twitter.com/Cc3keAviT5— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 8, 2022
गन्ना किसानों को 15 दिन के अंदर भुगतान
घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया जाएगा और गन्ना किसानों को 15 दिन के अंदर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. इसके लिए अगर किसान कोष बनाने की जरूरत होगी तो बनाया जाएगा. सभी किसानों को 2025 तक कर्ज मुक्त बनाया जाएगा. ऋण मुक्ति कानून बनाकर अत्यंत गरीब किसानों को लाभ पहुंचाया जाएगा.
शहीद हुए किसानों के परिजनों को 25-25 लाख की मदद
सभी लघु एवं सीमांत किसानों, जिनके पास दो एकड़ से कम जमीन है, को दो बोरी डीएपी और पांच बोरी यूरिया मुफ्त दिया जाएगा. सपा अध्यक्ष ने कहा कि सभी किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, ब्याज मुक्त कर्ज, बीमा एवं पेंशन की व्यवस्था की जाएगी. किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की मदद दी जाएगी और उनकी याद में किसान स्मारक भी बनाया जाएगा.
प्रतिवर्ष दो रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त
अखिलेश ने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले सभी परिवारों को प्रतिवर्ष दो रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे और सभी दो पहिया वाहन मालिकों को प्रतिमाह एक लीटर पेट्रोल और ऑटो रिक्शा चालकों को प्रतिमाह तीन लीटर पेट्रोल तथा छह किलोग्राम सीएनजी मुफ्त प्रदान की जाएगी.
’अर्बन एंप्लॉयमेंट गारंटी एक्ट’ बनाया जाएगा
चुनाव के बाद प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने पर मनरेगा की तर्ज पर ’अर्बन एंप्लॉयमेंट गारंटी एक्ट’ बनाया जाएगा और सपा सरकार आईटी क्षेत्र की समीक्षा कर उसे पुनर्जीवित करेगी ताकि 22 लाख लोगों को रोजगार दिया जा सके.
महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण
अखिलेश ने महिला सशक्तीकरण के लिए किए गए वादे का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने पर महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और इस व्यवस्था के तहत सभी वर्गों-सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति की महिलाओं को शामिल किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वूमेन पावर लाइन 1090 को दोबारा मजबूत किया जाएगा और इसमें ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए मुकदमा दर्ज करने की व्यवस्था की जाएगी.
लड़कियों की शिक्षा को केजी से लेकर परास्नातक तक मुफ्त
सपा प्रमुख ने कहा कि लड़कियों की शिक्षा को केजी से लेकर परास्नातक तक मुफ्त किया जाएगा और कन्या विद्या धन योजना को दोबारा शुरू किया जाएगा जिसके तहत 12वीं पास करने के बाद लड़कियों को 36 हजार रुपये की एकमुश्त राशि दी जाएगी.
समाजवादी पेंशन योजना फिर होगी शुरू
समाजवादी पेंशन योजना को फिर से शुरू किया जाएगा जिसके तहत वृद्ध और जरूरतमंद एवं गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर करने वाली महिलाओं को प्रतिवर्ष 18,000 रुपये पेंशन दी जाएगी और इस योजना का लाभ एक करोड़ गरीब परिवारों तक पहुंचेगा.
10 रुपये में समाजवादी थाली
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी कैंटीन एवं किराना स्टोर स्थापित किए जाएंगे, जहां गरीब श्रमिकों, राजगीरों और बेघर लोगों को सब्सिडी दर पर राशन और अन्य जरूरत की चीजें मिल सकेंगी. उन्होंने कहा कि इन कैंटीन में 10 रुपये में समाजवादी थाली की व्यवस्था की जाएगी और इस योजना का लक्ष्य प्रदेश से भूख की समस्या को मिटाना है.
कारीगर एवं श्रमिकों को 18 हजार रुपये सालाना पेंशन
सरकार बनने पर प्रदेश में डायल 1890 मजदूर पावर लाइन की स्थापना की जाएगी जो राज्य के बाहर एवं भीतर कार्यरत प्रवासी श्रमिकों की समस्याओं का निदान करेगी. अखिलेश ने कहा कि कारीगर एवं श्रमिक पेंशन 18 हजार रुपये सालाना की दर से बुनकरों, जरदोजी कारीगरों, बढ़ई, कुम्हार, नाविक, मोची, दर्जी एवं अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की मदद की जाएगी.
गांवों एवं कस्बों में सीसीटीवी कैमरा
अखिलेश ने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी गांवों एवं कस्बों में एक साल के अंदर सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था की जाएगी तथा स्वचालित प्रतिक्रिया के लिए इन्हें डायल 112 से जोड़ा जाएगा.
’घृणा अपराध’ को रोकने के लिए नीति
सपा सरकार सभी थानों और तहसीलों को भ्रष्टाचार मुक्त करेगी और इसके अलावा वह महिलाओं, अल्पसंख्यकों एवं दलितों के प्रति संगठित ’घृणा अपराध’ को रोकने के लिए ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति के तहत काम करेगी.
12वीं पास सभी छात्रों को लैपटॉप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा और हर जिले में मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे तथा विश्वविद्यालयों की सीट संख्या को दोगुना किया जाएगा और राज्य में 12वीं पास सभी छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा.
कैशलेस स्वास्थ्य सर्विस की सुविधा
सरकार बनने पर कैशलेस स्वास्थ्य सर्विस द्वारा सभी गरीब नागरिकों को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और स्वास्थ्य क्षेत्र के मौजूदा बजट की समीक्षा कर इसे वर्तमान से तीन गुना ज्यादा किया जाएगा. सपा प्रमुख ने कहा कि यह राज्य के बजट का लगभग 10 फीसदी होगा और इसकी मदद से सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को बेहतर किया जाएगा.
'स्टेट माइक्रोफाइनेंस बैंक’ की स्थापना
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में ‘स्टेट माइक्रोफाइनेंस बैंक’ की स्थापना की जाएगी ताकि लघु उद्यमियों, कलाकारों और शिल्पकारों को आसान एवं बिना गारंटी के कर्ज दिया जा सके. उन्होंने कहा कि ‘सेंट्रल फैसिलिटेशन सेंटर’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में पारंपरिक एमएसएमई क्लस्टर की स्थापना की जाएगी.
कारीगर बाजार की स्थापना
‘फ्लैट रेट’ बिजली आपूर्ति और कॉमर्स युक्त मार्केटिंग सपोर्ट सिस्टम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और कारीगर बाजार की स्थापना की जाएगी. सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने तय किया है कि सभी मौजूदा एवं नए उद्योगों के लिए एकल छत प्रणाली स्थापित की जाएगी.
Zee Salaam Live Tv