)
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Saurav Ganguly) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जब वह अपने घर के जिम में ट्रेडमिल कर रहे थे तब उन्हें सीने में तकलीफ का सामना करना पड़ा था.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Saurav Ganguly) को इस साल की शुरुआत में भी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उससे पहले उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी.
सौरव गांगुली का कोरोना का टेस्ट सोमवार रात को हुआ था. उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. गांगुली पहली बार कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं. इससे पहले उनके परिवारवालों को कुछ महीने पहले कोरोना हुआ था.
ख्याल रहे कि देश में एक बार फिर कोरोना के केसेज में इजाफा देखने को मिल रहा है. कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने पूरी दुनिया समेत भारत में भी तबाही मचाई है. भारत में Omicron से 653 लोग संक्रमित हो चुके हैं. इसके पेश नजर भारत में कई राज्यों ने अपने यहां नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है.
कोहली से पंगे के कारण विवादों में रहे सौरव
सौरव गांगुली विराट कोहली से पंगे के कारण लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं, जब टीम इंडिया में कप्तानी को लेकर विवाद चल रहा था. जब विराट कोहली को वनडे टीम की कप्तानी से हटाया गया था, तब सौरव गांगुली ने बयान दिया था कि उन्होंने विराट से टी-20 की कप्तानी ना छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं माने. इसके बाद सेलेक्टर्स ने व्हाइट बॉल फॉर्मेट में एक ही कप्तान बनाने का फैसला किया. हालांकि, विराट कोहली ने जब प्रेस कॉन्फ्रेंस की तब उन्होंने कहा कि किसी ने भी उनसे कप्तानी ना छोड़ने का अनुरोध नहीं किया.
Zee Salaam Live TV: