)
नई दिल्लीः सरकार द्वारा लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 किए जाने के प्रस्ताव के बीच राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के जरिए कम उम्र में होने वाली शादी के एक सर्वे में कुछ चौंकाने वाले आंकड़े सामने आये हैं. यह डेटा 2019 से 2021 के बीच लिए गए हैं. देश में फिलहाल लड़कियों के लिए शादी की कानूनी न्यूनतम उम्र 18 साल और लड़कों के लिए 21 साल है, लेकिन सरकार दोनों ही के लिए विवाह की न्यूनतम कानूनी उम्र को 21 वर्ष करने का मंसूबा बना रही है. इन आंकड़ों के बाद सरकार को अपने प्रस्तावित कानून को लागू करने के लिए एक मजबूत आधार मिल जाएगा.
25 फीसदी औरतें की शादी 18 वर्ष से पहले हुई
सर्वे के मुताबिक, 2019-21 के दौरान 18 से 29 साल उम्र की शादीशुदा महिलाओं में से 25 फीसदी औरतें ऐसी हैं जिनकी शादी भारत में कानूनी रूप से तय विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष से पहले हुई है. ऐसे ही 21 से 29 साल आयु के कानूनी उम्र 21 साल से पहले विवाह करने वाले पुरुषों की संख्या 15 फीसदी थी.
सबसे खराब स्थिति है पश्चिम बंगाल की
एनएफएचएस-5 के मुताबिक, लड़कियों की शादी के संबंध में राज्यों के हालात पर चर्चा करें तो सबसे खराब स्थिति पश्चिम बंगाल की है जहां ऐसी लड़कियों की तादाद 42 फीसदी है, वहीं बिहार में यह 40 फीसदी, पूर्वोत्तर भारत के राज्य त्रिपुरा में 39 फीसदी, झारखंड में 35 और आंध्र प्रदेश में 33 फीसदी है. असम में ऐसी महिलाओं की तादाद 32 फीसदी, दादर नगर हवेली और दमन दीव में 28 फीसदी, तेलंगाना में 27 फीसदी और मध्य प्रदेश और राजस्थान में 25 फीसदी है.
लक्ष्यद्वीप में है सबसे बेहतर हालात
रिपोर्ट के मुताबिक, कानूनी उम्र से पहले लड़कियों की शादी के संदर्भ में सबसे बेहतर हालात लक्ष्यद्वीप की है जहां सिर्फ चार फीसदी महिलाओं का विवाह 18 साल की उम्र से पहले हुआ है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ऐसी महिलाओं की तादाद छह फीसदी, हिमाचल प्रदेश, गोवा और नगालैंड में 7-7 फीसदी और केरल और पुडुचेरी में 8-8 फीसदी है.
स्कूली शिक्षा से जुड़ी है शादी की उम्र
एनएफएचएस की रिपोर्ट में कहा गया है कि 12 साल यह उससे ज्यादा अवधि तक स्कूली तालीम हासिल करने वाली महिलाओं का विवाह दूसरी महिलाओं के मुकाबले देरी से हुआ है. स्कूल नहीं गई 25 से 49 साल उम्र की महिलाओं में विवाह की औसत आयु 17.1 साल है जबकि 12 साल या उससे ज्यादा वक्त तक स्कूल जाने वाली महिलाओं में शादी की औसत उम्र 22.8 साल है.
Zee Salaam Live Tv embed