Bihar Lok Sabha Chunav 2024: बिहार महागठबंधन में चुनाव की तारीखों के ऐलान होने के बाद भी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है. लेकिन भाकपा ने बेगूसराय सीट से अवधेश कुमार राय को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है.
Trending Photos
)
Bihar Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बिहार में महागठबंधन के सहयोगी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बेगुसराय लेकसभा सीट से शुक्रवार को उम्मीदवार की घोषणा कर दी. महागठबंधन में चुनाव की तारीखों के ऐलान होने के बाद भी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है, जिसके कारण गठबंधन में सबकुछ सही नहीं होने की खबर भी तेज हो गई है. अब भाकपा ने बेगूसराय सीट से पार्टी के अनुभवी नेता अवधेश राय को प्रत्याशी बनाकर बिहार में सियासी अटकलों को और हवा दे दी.
भाकपा के नेशनल सेक्रेटरी डी. राजा ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेगूसराय सीट से अवधेश कुमार राय को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि बिहार में भाकपा ने महागठबंधन के घटक दल के रूप में बेगूसराय लोकसभा सीट से पूर्व MLA अवधेश कुमार राय को अपना प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है और बाकी सीटों पर सहमति बनाने के लिए अपना विकल्प खुला रखा है.
इससे पहले गठबंधन में शामिल राजद के द्वारा भी कई प्रत्याशियों को सिंबल बांट जाने की चर्चा है. हालांकि, राजद ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है.बता दें कि कि गुरुवार को डी. राजा ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी. इसके बाद से बिहार में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसने की संभावना तेज हो गई थी.
कांग्रेस बेगूसराय सीट से जेएनयू स्टूडेंट यूनियन के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को चुनाव लड़ाना चाह रही थी. इस बीच भाकपा ने यहां से प्रत्याशी की घोषणा कर दी. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर फाइनल परिणाम क्या आता है? बिहार में भकपा में अकेले चुनाव लड़ती है या फिर कांग्रेस कन्हैया कुमार को किसी दूसरी सीट से चुनावी मैदान उतारता है. फिलहाल तो गठबंधन में सबकुछ सही नहीं दिख रहा है.