)
नई दिल्लीः जर्मनी की लक्जरी वाहन विनिर्माता बीएमडब्ल्यू ने भारतीय बाजार में पूर्ण इलेक्ट्रिक ‘मिनी 3 डोर कूपर एसई’ पेश की है. दिल्ली में इसकी शोरूम कीमत 47.2 लाख रुपये है. बीएमडब्ल्यू ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि पूरी तरह से निर्मित इकाई (सीबीयू) के रूप में उपलब्ध इस कार की पहली खेप वर्ष 2021 की चैथी तिमाही में प्री-बुकिंग के दौरान ही बिक गई. इन ग्राहकों को डिलिवरी मार्च, 2022 से की जाएगी. कंपनी के अनुसार, अगले चरण की डिलिवरी के लिए बुकिंग मार्च, 2022 से की जायेगी.
7.3 सेकंड में शून्य से 100 किलोमीटर की रफ्तार
बीएमडब्ल्यू के मुताबिक, मिनी 184 की हॉर्स पावर या 135 किलोवाट की शक्ति से लैस है. यह कार 7.3 सेकंड में शून्य से 100 किलोमीटर की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी बैटरी क्षमता 32.6 किलोवॉट प्रति घंटा की है और एक बार चार्ज होने पर यह 270 किलोमीटर तक दौड़ सकती है. यह मॉडल वायरलेस चार्जिंग, एन्हांस्ड ब्लूटूथ मोबाइल कनेक्टिविटी, मल्टीफंक्शनल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, डायनेमिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, क्रैश सेंसर, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल, रन-फ्लैट टायर और रियर-व्यू कैमरा जैसी विभिन्न विशेषताओं के साथ आता है. मिनी इंडिया देश भर में नौ डीलरशिप से उत्पाद बेचती है.
ऑनलाइन शॉप पर बुकिंग के लिए उपलब्ध
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने इस वाहन को पेश करने के मौके पर कहा, ‘‘देश में पिछले दस वर्षों से कारोबार करने के साथ मिनी इंडिया को कॉम्पैक्ट प्रीमियम श्रेणी में पहली बार पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार पेश करने पर गर्व है.’ हमारी ’डिजिटल फर्स्ट’ रणनीति के अनुरूप, यह मिनी ऑनलाइन शॉप पर बुकिंग के लिए विशेष रूप से उपलब्ध पहला सीरीज मॉडल भी है और प्री-लॉन्च बुकिंग चरण के दौरान ही पूरी तरह से बेचा गया था.
Zee Salaam Live Tv