)
Burhanpur School Namaz Case: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के देवारी गांव के एक सरकार स्कूल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां स्कूल में हिंदू बच्चों को योगासन के बहाने नमाज पढ़ाना सिखाने का इल्जाम लगा है. हिंदू बच्चों के अभिभावकों ने यह इल्जाम लगाया है. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है.
दरअसल, दिवाली की छुट्टियों में कुछ बच्चों ने घर पर भी वही हरकतें दोहराईं जो उन्होंने स्कूल में की थीं. बच्चों से पूछताछ करने पर अभिभावकों को शक हुआ कि यह योग नहीं, बल्कि नमाज की प्रक्रिया है. घटना का पता चलते ही दो दर्जन से ज़्यादा अभिभावक स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने इल्जाम लगाया कि स्कूल के शिक्षक जबूर अहमद तड़वी बच्चों को जानबूझकर इस्लामी तरीके से झुकना और हाथ उठाना सिखा रहे थे.
इस घटना का खबर मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह सोलंकी स्कूल पहुंचे. उन्होंने मौके पर बच्चों और अभिभावकों से बयान लिए और प्रारंभिक जांच शुरू की. अधिकारी ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और अगर इल्जाम सही पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी.
वहीं दूसरी तरफ, शिक्षक जबूर अहमद तड़वी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया. उन्होंने कहा कि वे सिर्फ बच्चों को शारीरिक व्यायाम और अनुशासन सिखा रहे थे, जिसे कुछ लोगों ने गलत तरीके से नमाज बताकर राजनीतिक रंग दे दिया. उनका कहना है कि वे पिछले कई सालों से इस स्कूल में कार्यरत हैं और अब तक कभी कोई शिकायत नहीं आई थी.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam