)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएम केजरीवाल ने आज आला सतही मीटिंग बुलाई. मीटिंग के बाद सीएम केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी नज़र आ रही है. कल शाम को जारी की गई रिपोर्ट में 1,500 से ज्यादा मामले थे और आज शाम को जारी की जाने वाली रिपोर्ट में 1,693 केस हैं. बाकी सब पैरामीटर ठीक हैं.
सीएम केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में रिकवरी रेट 90 फीसद से ज़्यादा है. अगस्त के महीने में दिल्ली में मौत की शरह 1.4 फीसद पहुंच गई जो पूरे मुल्क में सबसे बेहतर है. सीएम ने आगे कहा कि दिल्ली में हम टेस्ट की तादाद को दोगुना करने जा रहे हैं. एक हफ्ते में हम टेस्ट की तादाद को बढ़ाकर 40,000 करेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना से ठीक होने के बाद भी अगर लोगों को सेहत से मुतअल्लिक परेशानी होती है तो हुकूमत उन्हें ऑक्सीमीटर देगी और ज़रूरत पड़ने पर घर पर ही ऑक्सीजन कोन्संट्रेटर का इंतजाम करेगी.
केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में सिर्फ 3,700 बिस्तरों पर कोविड मरीज दाखिल हैं, इनमें से 2,900 पर दिल्लीवासी और 800 पर दूसरे सूबों के लोग हैं. हमारे पास कोविड के लिए कुल 14,130 बेड (बिस्तर) हैं, जिनमें से 10,448 खाली हैं. पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामलों में मामूली बढ़ोतरी हुई है." उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली में 14 जुलाई से होम आइसोलेशन में रहने वाले किसी भी कोविड-19 मरीज की मौत नहीं हुई है."
Zee Salaam LIVE TV