Tamil Nadu Chief Qazi Funeral: रियासत के चीफ काज़ी डॉ. अयूब के इंतकाल की ख़बर जैसे ही फैली, पूरे सूबे में ग़म का माहौल हो गया. हर तरफ से अफ़सोस और ताज़ियत के पैग़ाम आने लगे.
Trending Photos
)
Tamil Nadu Chief Qazi Funeral: तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन ने आज यानी 25 मई को रियासत के चीफ काज़ी डॉ. सलाहुद्दीन मोहम्मद अयूब के इंतकाल पर उनके चेन्नई स्थित रहाइशगाह पहुंचकर ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश की. सीएम ने मरहूम के जनाज़े की नमाज में शामिल हुए और दुआ भी की.
डॉ. सलाहुद्दीन मोहम्मद अयूब का 24 मई की रात उम्र-रसिदा बीमारियों की वजह से इंतकाल हो गया. वो 84 साल के थे. अरबी ज़बान और अदब में डॉक्टरेट की डिग्री रखने वाले डॉ. अयूब को इस्लामी तालीमात और दीनी उलूम में अपने गहराई वाले इल्म की बुनियाद पर बहुत अज़मत और इज्जत हासिल थी. वह चेन्नई के न्यू कॉलेज में अरबी ज़बान के प्रोफेसर भी रह चुके हैं. उनकी तालीमी और दीनी खिदमात की वजह से तलबा और आलिमों की कई नस्लें उनसे मुस्तफ़ीद होती रहीं.
मग़फ़िरत के लिए कई नामवर शख़्सियात ने की दुआ
रियासत के चीफ काज़ी डॉ. अयूब के इंतकाल की ख़बर जैसे ही फैली, पूरे सूबे में ग़म का माहौल हो गया. हर तरफ से अफ़सोस और ताज़ियत के पैग़ाम आने लगे. कई बड़े सियासी नेता और जाने-माने लोग उनके जाने पर दुख जताने लगे. सबने डॉ. अयूब की मज़हब में मेल-जोल, तालीम के लिए किए गए काम और समाज में उनकी बेहतरीन सेवाओं की तारीफ की. लोगों ने उनके लिए दुआ की कि अल्लाह उन्हें जन्नत में आला मक़ाम अता करे.
पूर्व सीएम ने जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके गहरा दुख जताया और कहा कि वह इस दुख की घड़ी में दिवंगत डॉक्टर सलाहुद्दीन मोहम्मद अयूब के परिवार और पूरे मुस्लिम समाज के साथ हैं. उन्होंने परिवार को हिम्मत देने की दुआ भी की. वहीं, आर्कोट के नवाब मोहम्मद अब्दुल अली ने भी डॉक्टर अयूब को खिराज-ए-अकीदत पेश की. उन्होंने कहा कि उनका और डॉक्टर अयूब साहब का परिवार कई सालों से एक-दूसरे से जुड़ा रहा है. नवाब साहब ने उन्हें “एक बड़े इस्लामिक विद्वान और बहुत ही नम्र और सच्चे इंसान” बताया और कहा कि उनकी दीनी और समाज के लिए की गई सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी.