)
Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की नेतृत्व में पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' दो फरवरी को झारखंड में दाखिल होगी. इस दौरान राहुल गांधी राज्य के पाकुड़ जिले में रैलियों को खिताब करेंगे. कांग्रेस पार्टी के एक लीडर ने शनिवार को यह जानकारी दी. कांग्रेस की झारखंड यूनिट के प्रमुख राजेश ठाकुर ने न्यूज एजेंसी को बताया कि, यात्रा दो चरणों में होगी, जिसमें आठ दिनों की अवधि में 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. राजेश ठाकुर ने कहा, "झारखंड में यात्रा की तारीखें तय हो गई हैं. यह दो फरवरी को पाकुड़ जिले से राज्य में दाखिल होगी. उन्होंने कहा कि पार्टी की सभाएं और रैलियां कहां-कहां होंगी, इसका जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा.
झारखंड में तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजेश ठाकुर और कांग्रेस की राज्य इकाई के कई साीनियर लीडर अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं. झारखंड यूनिट के प्रमुख ने कहा, "यात्रा की तैयारियों और इंतेजामात का जायजा लेने के लिए हम पहले ही रामगढ़, धनबाद, देवघर, दुमका और पाकुड़ का दौरा कर चुके हैं. 25 जनवरी को असम से बंगाल में एंट्री करने के बाद कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पूरे दिन के प्रोग्राम का ऐलान किया था, लेकिन कांग्रेस लीडर राहुल गांधी कूचबिहार में एक रैली करने के कुछ देर बाद यात्रा को बीच में छोड़कर दिल्ली वापस आ गए थे.
कांग्रेस नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि, इससे पहले 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का बंगाल में 25 और 26 जनवरी को रहने का प्रोग्राम था, लेकिन फिर अचानक यात्रा में फेरबदल करते हुए बंगाल में यात्रा को स्थगित कर दिया गया. कुछ अहम कारणों से राहुल गांधी अचानक दिल्ली लौट आए. इससे पहले कांग्रेस लीडर राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' असम, अरुणाचल प्रदेश और बंगाल पहुंची. बता दें कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 14 जनवरी को मणिपुर में शुरू हुई थी और 20 मार्च को यह मुंबई में समाप्त होगी. यात्रा 15 रियासतों के 110 जिलों से गुजरते हुए 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.