)
रतलाम/चंद्र शेखर सोलंकी: मध्य प्रदेश के रतलाम में एक ऐसे मामला सामने आया है जिससे इंतेज़ामिया के होश उड़ गए हैं. दरअसल गुज़िश्ता 4 अप्रैल को एक परिवार इंदौर से बुज़ुर्ग की लाश रतलाम लेकर पहुंचा और लाश को पूरी रीती-रिवाज के साथ दफ्नाया गया जिसमें कई दीगर लोगों ने भी शिरकत की थी लेकिन इंतेज़ामिया के होश उस वक्त उड़ गए जब बुज़ुर्ग की रिपोर्ट कोरोना पॉज़िटिव आई.
रतलाम कलैक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि यह परिवार करीब 1 साल से इंदौर रह रहा था और रतलाम में इनका पुश्तैनी मकान था, इसी लिए यह परिवार बुज़ुर्ग को दफनाने के लिए रतलाम ले कर आया. उन्होंने मज़ीद बताया कि बुज़ुर्ग का बाकायदा जनाज़ा निकाला गया था जिसमें परिवार समेत पड़ोसियों ने भी शिरकत की थी. गुज़िश्ता बुध को बुज़ुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है जिसके बाद उसके परिवार के सभी मेंबरों समेत 20 दीगर लोगों को क्वारंटीन किया गया है.
रतलाम के एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि इस परिवार ने चेक पोस्ट पर पूछ-ताछ के दौरान बुज़ुर्ग की मौत की वजह किडनी से मुतअल्लिक बीमारी बताई थी और बुज़ुर्ग के परिवार वालों ने जांच के लिए भेजे गए कोरोना सैंपल की जानकारी को छुपाया था. एसपी गौरव ने मज़ीद बताया कि इस मामले में बुज़ुर्ग के परिवार समेत 28 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करली है और जांच चल रही है, साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि लापरवाही बरतने वालों की तादाद में इज़ाफा हो सकता है.
Zee Salaam Live TV