)
नई दिल्ली: हिंदुस्तान में गुज़िश्ता कुछ दिनों से कोरोना वायरस बहुत तेज़ी से अपना दायरा बढ़ाता जा रहा है. आज फिर 61 हज़ार के करीब नए मरीज़ आए हैं. जिसके बाद कुल मरीज़ों की तादाद 23 लाख को पार कर गई है. वहीं अगर मरने वालों की बात करें तो एक दिन में 834 लोगों की मौत हुई है.
वज़ारते सेहत के ज़रिए जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 60,963 नए मामले आने के बाद कुल मरीज़ों की तादाद 23,29,639 पहुंच गई है. जिनमें से 1639600 लोग ऐसे हैं जो ठीक हो गए हैं और अस्पताल से छुट्टी करके अपने घर चले गए हैं. जिसके बाद एक्टिव मरीज़ों की तादाद 643948 रह गई है. वहीं अगर मरने वालों की बात करें तो कुल मरने वालों की तादाद बढ़कर 46091 पहुंच गई है.
वहीं अगर कुल टेस्टिंग की बात करें तो मुल्कभर में ढाई करोड़ से ज्यादा टेस्ट किए जा चुके हैं. इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के ज़रिए जारी किए आंकड़ों के मुताबिक 11 अगस्त तक मुल्कभर में 2,60,15,297 सैंपलों के टेस्ट किए जा चुके हैं. जिनमें से 7,33,449 सैंपलों के टेस्ट कल किए गए हैं.
Zee Salaam LIVE TV