)
वेलिंगटन: फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज डेरिल मिशेल को भारत के खिलाफ उसकी सरजमीं पर होने वाली दो टेस्ट की आगामी सीरीज के लिए चोटिल बल्लेबाज डेवोन कॉनवे की जगह टीम में शामिल किया गया है.
बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की जीत के दौरान कॉनवे के हाथ में फ्रेक्चर हो गया था जिसके कारण वह भारत दौरे और रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले आईसीसी टी0 विश्व कप फाइनल से बाहर हो गए हैं.
न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा कि कॉनवे अगले हफ्ते भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के बाद टी20 टीम के साथ स्वदेश लौटेंगे जबकि मिशेल टेस्ट सीरीज के लिए वहीं रुकेंगे. न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) की ओर से जारी बयान में स्टीड ने कहा, 'यह निराशाजनक है कि डेवोन नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की पहली श्रृंखला से बाहर हो गया है लेकिन यह किसी अन्य खिलाड़ी के लिए मौका है.'
उन्होंने कहा, 'डेरिल की विविधता कई बल्लेबाजी क्रम पर काम आ सकती है और इस समय निश्चित तौर पर वह आत्मविश्वास से भरा है.' स्टीड ने कहा, 'उसने साबित किया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर सकता है और मुझे पता है कि वह दोबारा टेस्ट टीम से जुड़ने को लेकर रोमांचित है.'
जयपुर में 17 नवंबर से शुरू हो रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम सोमवार को भारत पहुंचेगी. दूसरा टी20 रांची में 19 नवंबर जबकि तीसरा कोलकाता में 21 नवंबर को खेला जाएगा. दो टेस्ट की श्रृंखला का पहला टेस्ट कानपुर में 25 नवंबर से जबकि दूसरा टेस्ट मुंबई में तीन दिसंबर से खेला जाएगा.
New Zealand Test Squad: केन विलियम्सन (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, हेनरी निकोल्स, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, विल सोमरविले, टिम साउदी, रॉस टेलर, विल यंग, नील वैगनर.
India 1st Test Squad: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएस भारत (विकेटकीपर),रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
(इनपुट- भाष के साथ भी)
Zee Salaam Live TV: