)
Holi: होली के दिन दिल्ली के मुंडका से चाकूबाजी का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक यहां दो गुट आपस में भिड़ गए, और मामला बढ़ने पर चाकू से हमले शुरू हो गए. बीच-बचाव करने आए लोग भी इस घटना में घायल हुए है. हमले में दो लड़कों की मौत हुई है जबकि करीब पांच लोग घायल हुए हैं.
पुलिस ने दी अहम जानकारी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 1.30 बजे पीसीआर को जानकारी मिली थी की मुंडका के फ्रेंड्स एन्कलेव की सात नंबर गली में झगड़ा हो गया है, और एक शख्स की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं. जिसके बाद पुलिस आननफानन में मौका-ए-वारदात पर पहुंची.
पुलिस को पूछताछ में पता चला की गली नंबर सात के रहने वाले सोनू का गली नंबर 14 के रहने वाले अभिषेक से किसी बात पर लड़ाई हो गई थी. जिसके बाद अभिषेक ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर सोनू के साथ मारपीट की थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया की चाकू से हमला होने लगा. आस-पास के लोगों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनपर भी आरोपियों ने हमला कर दिया.
डीसीपी हरेंद्र सिंह ने बताया की मामले में सात लोग घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. इस हमले में सोनू और नवीन की मौत हो गई है.. वहीं अभिषेक और एक शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है.दोनों को सफदरगंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है. डॉक्टर ने बताया की बाकि तीनों की हालत अभी स्थिर है.
पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है. क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है. बताया जा रहा है की लड़ाई में शामिल सभी लोग एक नमकीन फैक्ट्री के मजदूर हैं. झगड़े और हमले का कारण अभी पता नहीं चल पाया है.