)
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लद्दाख के चार स्टूडेंट्स को इस साल जनवरी में इजराइल दूतावास बाहर हुए धमाके के मामले में गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि स्टूडेंट्स को करगिल में गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है. चार गिरफ्तार स्टूडेंट्स की पहचान नाजिर हुसैन (26), जुल्फीकार अली वजीर (25), अयाज हुसैन (28) और मुजम्मिल हुसैन (25) के तौर पर की गई है. अधिकारियों ने बताया कि ये सभी स्टूडेंट्स लद्दाख के कारगिल जिले के थांग गांव के रहने वाले हैं.
लुटियन दिल्ली में 29 जनवरी को इजराइली दूतावास के बाहर हल्की शिद्दत का एक आईईडी विस्फोट हुआ था. इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था. यहां एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग पर मौजूद दूतावास से करीब 150 मीटर की दूरी पर हुए विस्फोट में कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा था. कौमी राजधानी का यह इलाका बहुत ही ज्यादा महफूज़ माना जाता है.
दिल्ली पुलिस के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर चिन्मॉय बिस्वाल के हवाले से जारी बयान में कहा गया कि मरकज़ी जांच एजेंसियों और कारगिल पुलिस के साथ मुत्तहिदा मुहिम में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कारगिल से चार स्टूडेंट्स को कौमी राजधानी में आतंकवादी सरगर्मी की साजिश रचने के सिलसिले में हिरासत में लिया.
उन्होंने बताया, 'स्टूडेंट्स को रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है. मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने धमाके के पीछे 'साजिश' का मामला दर्ज किया है. इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने दूतावास के आसपास लगे 100 सीसीटीवी कैमारों के फुटेज खंगाले. इनमें से एक फुटेज में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो लोगों को विस्फोट से पहले वहां से गुजरते देखा. दोनों ने अपना चेहरा ढक रखा था और उनमें से एक ने जैकेट पहना था जिसके हाथ में बैग था.
गृहमंत्रालय ने इस मामले की जांच दो फरवरी को एनआईए को सौंपी थी. हाल में एनआईए ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो लोगों की पहचान करने वाले को 10-10 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया था.
(इनपुट- भाषा)
Zee Salaam Live TV: