)
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने बुधवार को 26 जनवरी के मौके पर ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. जिसमें उन्होंने साफ किया कि जिन लोगों ने पुलिस पर हमला किया और लाल किले पर झंडा फहराया, उन्हें अब बख्शा नहीं जाएगा. जिसके बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू करते हुए 20 किसान नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
दिल्ली पुलिस ने किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल, दर्शन सिंह, राकेश टिकेट, गुरनाम सिंह चंदोनी, योगेंद्र यादव, जोगिंदर सिंह उगरान समेत 20 किसान नेताओं को नोटिस जारी किया है और 3 दिन के अंदर जवाब मांगा है कि उन पर कार्रवाई क्यों न की जाए. इसके अलावा पुलिस की जानिब से लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है और पासपोर्ट भी जमा करने की हिदायत दी गई है. जिसके बाद अब कोई भी किसान नेता हवाई जहाज, बंदरगाह और अन्य किसी तरीके से से विदेश नहीं जा सकेंगे.
394 पुलिस कर्मी हुए जख्मी, कई ICU में
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन. श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि 2 जनवरी को दिल्ली पुलिस को पता चला कि किसान 26 को ट्रैक्टर रैली करने जा रहे हैं. जिसके बाद हमने किसानों से 5 राउंड बातचीत की और कई बार फोन पर बात हुई. हमने कहा था कि 26 जनवरी को ऐसा न करें. हमने किसानों से कहा कि कुंडली, मानेसर, पलवल पर ट्रैक्टर मार्च निकालें लेकिन किसान दिल्ली में ही ट्रैक्टर रैली निकालने पर अडिग रहे. इसके बाद रूट तय हुआ. सिंघु बॉर्डर रूट- कुल 63 किमी, टीकरी बॉर्डर रूट- कुल 74 किमी, गाजीपुर बॉर्डर रूट- कुल 46 किमी तय हुआ.
उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय हुआ कि किसान ट्रैक्टर रैली 12 बजे से 5 बजे तक ही निकालें, किसान लीडर लीड करें, हर एक जत्थे के साथ उनके लीडर चलें, 5 हजार से ज्यादा ट्रैक्टर न हों, हथियार न लाएं, ट्रैक्टर परेड शांतिपूर्ण हो.
ZEE SALAAM LIVE TV