Pakistan Spy News:दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में कासिम नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था. इस बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.
Trending Photos
)
Pakistan Spy News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कासिम के मामले में बड़ा खुलासा किया है. पुलिस को एक वीडियो मिला है, जिसमें कासिम खुद कबूल कर रहा है कि वह दूसरी बार पाकिस्तान गया था. इस वीडियो ने जांच को नया मोड़ दे दिया है और कासिम की गतिविधियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो उस समय का है, जब कासिम मार्च में दूसरी बार पाकिस्तान गया था. वीडियो में कासिम एक पाकिस्तानी यूट्यूबर को इंटरव्यू देते हुए दिख रहा है. उसने इंटरव्यू में कहा, “मैं दूसरी बार पाकिस्तान आया हूं. जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे ऐसा लगता है, जैसे मैं अपने घर में हूं. मेरी बुआ का घर यहीं है.” कासिम ने यह भी बताया कि उसे पाकिस्तान इतना पसंद है कि वह तीन महीने के भीतर ही दोबारा वहां चला गया.
पाकिस्तान गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, कासिम का यह पाकिस्तान दौरा पहलगाम हमले से ठीक पहले का है. वह हमले से करीब एक सप्ताह पहले भारत लौटा था. इस खुलासे ने जांच एजेंसियों को सतर्क कर दिया है, क्योंकि कासिम की गतिविधियां और उसका पाकिस्तान से संबंध संदिग्ध लग रहा है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस वीडियो और कासिम की ट्रैवल हिस्ट्री की गहन जांच कर रही है.
पुलिस ने किया बड़ा दावा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कासिम के खिलाफ जासूसी का मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कासिम का पाकिस्तान से क्या कनेक्शन है और वह वहां किन लोगों से मिला. पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या उसका पहलगाम हमले से कोई सीधा संबंध है.
कासिम के मोबाइल की हो रही है जांच
सूत्रों के मुताबिक, कासिम के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, लेकिन कासिम का वीडियो और उसकी बातें इस मामले को गंभीर बनाती हैं. जांच एजेंसियां इस बात की तह तक जाने के लिए हरसंभव कदम उठा रही हैं.