Noman Death Delhi Explosion: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में शामली के झिंझाना निवासी 22 साल के नोमान की मौत हो गई, जबकि उसका भाई अमन गंभीर रूप से घायल है. पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Delhi Blast News: देश की राजधानी दिल्ली में 10 नवंबर की शाम में भीषण धमाका हुआ था. इस धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई है. इनमें उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले के रहने वाले 22 साल के नोमान भी शामिल थे, जिनकी मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई अमन गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों भाई कॉस्मेटिक सामान का कारोबार करते थे और इसी काम से दिल्ली गए थे. हादसे की खबर मिलते ही झिंझाना कस्बे में मातम छा गया.
दरअसल, झिंझाना थाना क्षेत्र के रहने वाले नोमान सोमवार को अपनी दुकान के लिए सामान खरीदने दिल्ली गए थे. शाम के वक्त जब वे लाल किला इलाके के पास पहुंचे, तो उन्होंने अपनी कार पार्किंग में खड़ी की और सड़क पार करने लगे. तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और नौमान उसकी चपेट में आ गए. धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि नोमान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनका भाई अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे फौरन दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
इस घटना की खबर मिलते ही नोमान के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पिता और दूसरे परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. नोमान की मौत की खबर पूरे कस्बे में फैलते ही लोगों की भीड़ उनके घर के बाहर जुट गई. स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है. झिंझाना के सीओ और थाना प्रभारी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
नोमान के परिवार ने क्या कहा?
नोमान के परिवार के सदस्यों ने बताया कि नोमान बेहद मेहनती और मिलनसार युवक था. कुछ ही साल पहले उसने अपने भाई अमन के साथ मिलकर कॉस्मेटिक सामान की दुकान खोली थी. वहीं, दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम धमाके के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किसी साजिश का हिस्सा था या किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ. उधर, नोमान की मौत से झिंझाना कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.