)
नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर करीब 16 साल गुज़ारने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. अब हिंदुस्तानी क्रिकेट टीम के लिए कैप्टन कूल खेलते नज़र नहीं आएंगे. हालांकि वो आईपीएल के मैदान में खेलते ज़रूर दिखाई देंगे. धोनी ने रिटायरमेंट के ऐलान के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने क्रिकेट के सफर की यादों को ताज़ा किया. टी-20 से लेकर टेस्ट मैच, वन-डे और वर्ल्ड कप में गुज़ारे गए लम्हों को धोनी ने फैंस के साथ शेयर किया है.
फैंस को पसंद धोनी का हेयर स्टाइल
4 मिनट 7 सेकंड के वीडियो की शुरुआत माही ने अपनी विकेट कीपिंग की फोटो के साथ की. उसके बाद धोनी ने सुरेश रैना, हरबजन, राहुल ड्रविड, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर के साथ भी तस्वीरें साझा कीं, उनके वीडियो में ज्यादातर फोटो उनके सबसे पसंदीदा अंदाज़ की है. धोनी जब क्रिकेट के मैदान में उतरे थे तब उनके लंबे बालों की काफी चर्चा हुई थी. फैन्स को धोनी का वो अंदाज खासा पसंद आता है.
जब पहले मैच में 0 पर आउट हुए थे धोनी
धोनी ने उस लम्हे को भी याद किया जब उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर कदम रखने के साथ कामयाबी को नहीं बल्कि नाकामी को महसूस किया था. धोनी अपने पहले ही मैच में ज़ीरो पर आउट हो गए थे. उन्होंने अपनी रिटायरमेंट के वीडियो में उस वक्त की तस्वीर को भी शेयर किया है.
धोनी की युवी से खास दोस्ती
धोनी के वीडियो में सबसे खास उनकी युवराज सिंह से दोस्ती है. माही ने अपने वीडियो में युवी के साथ दोस्ती की दास्तां को बयां किया है. क्रिकेट की दुनिया में जब कैप्टन कूल ने कदम रखा था. उस वक्त युवी ने भी क्रिकेट को अपनाया था. दोनों ने साथ में कई मैच खेले हैं. हालांकि दोनों के बीच मनमुटाव की भी खबरें सामने आई थी लेकिन युवराज सिंह खुद आकर धोनी की ज़िंदादिली और दोस्ती का सबूत दे देते रहे हैं.
जब मिल बैठे धोनी के साथ दो यार
अपने वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी ने वो पल भी शेयर किए हैं, जिसमें वो क्रिकेट खेलने के अलावा वक्त गुज़ारते थे. धोनी बेहद ही खुले मिज़ाज के इंसान हैं, इसीलिए जब भी वो फ्री होते थे. अपनी टीम के साथ मस्ती करते थे. धोनी ने डांस की तस्वीरें भी शेयर की हैं.
धोनी ने गुनगुनाया बिग बी का गाना
धोनी ने अपने वीडियो के आखिर में बिग बी का गाना ''मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है, पल दो पल मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी जवानी है''..भी साझा किया है. वो हमेशा अपने इंटरव्यू में कहते हैं कि उन्हें ये गाना बेहद पसंद है. यहां तक कि कई बार उन्होंने इस गाने को गुनगुनाया भी है.
Zee Salaam LIVE TV