)
Atiq Ahmed Son Aban Viral Video: प्रयागराज में पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील को लेकर धूमनगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने के आरोप में अबान, उसके साथी हमजा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 353 के तहत FIR दर्ज की है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
पुलिस के मुताबिक, यह रील दो दिन पहले की बताई जा रही है, जब अबान एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. इसी दौरान कुछ लोगों ने धमकी भरे डायलॉग के साथ उसकी वीडियो बना ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अबान बिना सुरक्षा कर्मियों के कैसे बाहर घूम रहा था, जबकि पहले उसे पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी.
वीडियो में क्या?
करीब 30 सेकंड के वायरल वीडियो में अबान किसी समारोह में नजर आ रहा है. वीडियो में वह अलग अंदाज में दिखाई देता है और बैकग्राउंड में दबंगई दिखाने वाला धमकी भरा डायलॉग चल रहा है. वीडियो के बैकग्राउंड में यह डायलॉग सुनाई दे रहा है, “सामने वाले को हमसे क्या मिलेगा, यह उसकी औकात बताएगी. हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी तूफान और हम जब भी आते हैं, मां कसम फाड़ के जाते हैं.” वीडियो में अबान कई लोगों के साथ डिनर करते हुए और गाड़ियों के काफिले के साथ भी नजर आ रहा है, जिससे पुलिस को आशंका है कि यह वीडियो जानबूझकर दहशत फैलाने के मकसद से वायरल किया गया.
अबान को इस दिन पुलिस कस्टडी से रिहा किया गया था
गौरतलब है कि 24 फरवरी 2023 को हुए उमेश पाल और दो सरकारी गनरों के हत्याकांड के बाद अबान और उसका एक भाई कसारी मसारी इलाके से लावारिस हालत में मिले थे. इसके बाद दोनों को राजरूपपुर स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया था. 9 अक्टूबर 2023 को CWC के आदेश पर दोनों भाइयों को रिहा कर उनकी कस्टडी बुआ परवीन कुरैशी को सौंप दी गई थी. दोनों हटवा इलाके में बुआ के घर पर रह रहे थे और पुलिस सुरक्षा भी दी गई थी.
15 को हुई थी अतीक अहमद की हत्या
दरअसल, 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या कर दी गई थी. इससे दो दिन पहले 13 अप्रैल 2023 को अतीक का बेटा असद झांसी में एसटीएफ एनकाउंटर में मारा गया था. अतीक के दो दूसरे बेटे अभी जेल में बंद हैं, जबकि उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन समेत कई परिजन अब भी फरार हैं.