)
Farooq Abdullah in Jammu Kashmir: नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने एक रैली में को खिताब करते हुए कहा है कि उनसे एक बड़ी गलती हो गई थी. उन्होंने कहा है कि 2019 में पंचायत और यूएलबी चुनाव नहीं लड़ना एक बड़ी गलती थी और अब उनकी पार्टी अब जम्मू और कश्मीर में आगामी सभी चुनाव लड़ेगी. डॉ अब्दुल्ला, जो पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर पद छोड़ना चाहते थे, वह अब अगले तीन सालों के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष के तौर पर आज चुन लिए गए हैं.
रैली को खिताब (संबोधित) करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "2019 में पंचायत और यूएलबी चुनाव नहीं लड़ने का फैसला एक बड़ी गलती थी और अब उनकी पार्टी जम्मू-कश्मीर में आने वाले सभी चुनाव लड़ेगी." फारूक अब्दुल्ला ने अपने बेटे उमर अब्दुल्ला से जम्मू-कश्मीर में आने वाले विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसले पर दोबारा सोचने के लिए कहा है.
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मैं पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर ओमर से जम्मू-कश्मीर में आने वाले विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहता हूं. फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में पहले हुए चुनावों का जिक्र करते हुए जम्मू-कश्मीर के चुनावों में सुरक्षा बलों के कथित हस्तक्षेप का जिक्र किया. उन्होंने सुरक्षा बलों, सेना और प्रशासन को जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रक्रिया में दखल ना देने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव के दौरान किसी तरह की धांधली होती है तो वह इसके खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे.
अब्दुल्ला ने कहा- 'बीजेपी देशभर के विधायक और सांसद खरीद रही है और मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों को चेतावनी देता हूं कि ऐसी कोशिशें यहां भी होंगी और आप लोगों को सचेत रहना होगा और उन कोशिशों को नाकाम करना होगा.
उमर अब्दुल्ला ने अपने पिता को पार्टी अध्यक्ष के तौर पर फिर से चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा- "हमारे सामने बहुत मुश्किल लड़ाई है, यह न केवल बीजेपी और उसकी ए,बी,सी टीमें हैं बल्कि प्रशासन भी उनकी तरफ से खेल रहा है". उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जहां बीजेपी को हमारा नेतृत्व मजबूत लगता है, वे हमारे नेताओं को कमजोर करने के लिए प्रशासन का इस्तेमाल करते हैं.
अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर बोलते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, "उनकी पार्टी लोगों को अंधेरे में नहीं रख रही है और हमारी पॉजीशन बहुत साफ है, हम कानूनी और संवैधानिक तौर पर अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए लड़ेंगे और हिंसा का सहारा नहीं लेंगे" उन्होंने कहा कि हम ये लड़ाई जीतेंगे.