)
झाबुआ/दाहोद: बरझर में एक परिवार के पांच लोगों के ज़हर पीकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि यह परिवार माली तंगी से जूझ रहा है और कर्ज़ से परेशान था. इसी के चलते परिवार के पांचों लोगों ने ज़हर पीकर अपनी जान दे दी. मरने वालों में पति पत्नि के साथ उनकी तीन बेटियां भी हैं.
जानकारी के मुताबिक मरने वालों में सैफीभाई उर्फ सैफुद्दीन दुधियावाला (42), पत्नी मेहजबीन (35), बेटी जैनब (16), अरवा (16) और सबसे छोटी बेटी हुसैना (7) शामिल हैं. पुलिस ने खदशा ज़ाहिर है किया है कि सैफीभाई ने शरबत में ज़हरीला पदार्थ मिलाकर पहले बीवी और बेटियों को पिलाया फिर खुद भी पी लिया. पुलिस को जाएवारदात से सुसाइड नोट भी मिला है. जिसमें लिखा है कि हम अपनी मर्ज़ी से यह कदम उठा रहे हैं. इसके लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है. पुलिस ने बताया की परिवार मूलत आलीराजपुर जिले के ग्राम बरझर का रहने वाला है.
मृतक सैफुद्दीन के पिता शब्बीर भाई दुधियावाला ने बताया कि उनका बेटा 10 साल पहले दाहोद में आकर बस गए थे और यहीं डिस्पोज़ल सामग्री बनाने का कारोबार करते थे. परिवार माली तौर पर बहुत कमज़ोर था. सैफुद्दीन ने कर्ज़ भी ले रखा था जिस वजह से वह काफी परेशान रहता था. शायद यही वजह है कि उसने इतना बड़ा कदम उठाया है.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची. जहां टीम को किचन में पांच गिलास मिले जिनमें से चार गिलास उल्टे और एक सीधा रखा मिला. इससे ये खदशा ज़ाहिर किया जा रहा है कि पहले परिवार के किसी एक मेंबर ने चार लोगों को शरबत दिया, फिर खुद भी पी लिया. फॉरेंसिक टीम को किचन में किसी केमिकल के सफेद कण मिले हैं. पुलिस का कहना है मामले के सभी पहलुओं पर संजीदगी से जांच की जा रही है.
Zee Salaam Live TV