)
प्रयागराजः देश में हर साल सड़क दुर्घटना में लाखों लोग मारे जाते हैं. कई गैर सरकारी संगठनों और सड़क सुरक्षा के लिए काम करने वाले संगठनों का दावा है कि यातायात के नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटना में होने वाली इन मौतों के आंकड़ों को कम किया जा सकता है. इसी बीच सोमवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सड़क दुर्घटना की एक बेहद चैंकाने वाली खबर आई है, जिसपर सहसा यकीन करना तो मुश्किल है, लेकिन इस सड़क हादसे की खबर सोलह आने सच है. उत्तर प्रदेश के नवाबगंज इलाके में हुए इस सड़क हादसे में एक हैरान कर देने वाली घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई.
शादी समारोह से घर लौट रहे थे
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात श्रृंगवेरपुर हाईवे रोड पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी थी. इस बाइक पर पांच लोग सवार थे. सभी एक शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे. पुलिस सूत्रों ने बताया कि महलूकीन की पहचान 60 वर्षीय राम सरन पाल, उनके बेटे लल्लू पाल 35, समय लाल 35, पोते अर्जुन पाल 11 और उनके पड़ोसी चंदर पाल 55 के रूप में हुई है.
नियमों की अंदेखी करने से हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना दी. पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद मौके से चालक ट्रक लेकर फरार है. हालांकि इस दुर्घटना में सबसे हैरत वाली बात यह है कि एक ही बाइक पर इतने लोग कैसे सवारी कर रहे थे. आशंका जताई जा रही है कि बाइक पर ज्यादा लोग बैठे होने की वजह से चालक ने बाइक से अपना संतुलन खो दिया होगा और ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई होगी.
Zee Salaam Live Tv