)
Irfan Solanki Gangster Act Case: सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी पर गैंगस्टर एक्ट के मामले में कानपुर कोर्ट ने आज ( 17 सितंबर) आरोप तय कर दिए. कोर्ट ने अगली सुनवाई 30 सितंबर को करेगी. इसी दिन सरकार की तरफ से पहला गवाह पेश किया जाएगा. इसी दौरान इरफान सोलंकी अपनी वालिदा, बीवी और बच्चों से भी मिले.
दरअसल, कोर्ट में पेशी से पहले आज तड़के 4 बजे इरफान सोलंकी को महाराजगंज जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कानपुर लाया गया. 400 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वे दोपहर 12 बजे कोर्ट पहुंचे. पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में 80 पुलिसकर्मी तैनात थे. वहां उनकी मां खुर्शीद बानो, पत्नी और मौजूदा विधायक नसीम सोलंकी और बच्चे मौजूद रहे. इरफान सोलंकी की बीवी और विधायक नसीम सोलंकी ने कहा, “मैं उनके लिए ही विधायक बनी हूं. मेरे लिए वे आज भी विधायक ही हैं. जो होना था, वह हो गया, अब हमें इंसाफ की उम्मीद है.”
2022 से पूर्व विधायक जेल में हैं बंद
गौरतलब है कि इरफान सोलंकी दिसंबर 2022 से जेल में हैं. उन पर जाजमऊ में महिला के प्लॉट पर आगजनी करने का इल्जाम है. इस मामले में 7 जून 2024 को उन्हें 7 साल की सजा हुई थी और उनकी विधायकी चली गई थी. नवंबर 2024 में हुए उपचुनाव में उनकी बीवी नसीम सोलंकी विधायक बनीं. इसके बाद पहली बार इरफान को पेशी पर कानपुर लाया गया.
इरफान सोलंकी ने क्या कहा?
कोर्ट के बाहर इरफान ने अपने समर्थकों से कहा, “भइया, बहुत दिन हो गए, मेरे लिए दुआ करो. हम वापस आ जाएं.” 2027 के विधानसभा इलेक्शन को लेकर उन्होंने कहा, “इंशाअल्लाह 2027 के चुनाव में हम दोनों (पति-पत्नी) साथ लड़ेंगे. चिंता मत करो. मुझे अपने अल्लाह पर पूरा भरोसा है. देर है, अंधेर नहीं... आज नहीं तो कल मुझे इंसाफ मिलेगा. सुप्रीम कोर्ट मुझे छोड़ेगी.” महाराजगंज जेल लौटते समय इरफान ने कहा, “अब एक सांसद बनेगा, दूसरा विधायक.” इरफान के इस बयान से उनके समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया.