)
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के कौमी सद्र और उत्तर प्रदेश के साबिक वज़ीरे आला अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के यूपी में फिल्म सिटी बनाने के ऐलान पर तंज़ कसा है. फिल्मी हस्तियों के साथ फिल्म सिटी को लेकर लखनऊ में हुई सीएम योगी की बैठक को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, यह 'फ्लॉप पिक्चर' अब उतरने वाली है.
अखिलेश ने फिल्म सिटी बनाने की तजवीज़ को अपनी मियाद की हुसूलियाबी बताते हुए एक ट्वीट में कहा, "अब सपा काल की फिल्म सिटी का क्रेडिट लेने के लिए सूबे की भाजपा हुकूमत कैंची लेकर फीता काटने को तैयार खड़ी है पर अब न तो उनके अदाकारों की अदाकारी काम आ रही है, न ही कोई डॉयलाग. उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर इसी ट्वीट में कहा, "उनकी फ्लॉप पिक्चर उतरने वाली है, क्योंकि प्रदेश की असली तस्वीर बनाने वालों की एडवांस बुकिंग हो गई है.''
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने फिल्म सिटी को लेकर मंगल के रोज़ लखनऊ में मौजूद अपनी रिहाइश पर फिल्मी हस्तियों के साथ मीटिंग की. इस बैठक में अनुपम खेर, परेश रावल, अशोक पंडित, नितिन देसाई, विवेक रंजन अग्निहोत्री, मनोज मुंतशिर, कैलाश खेर, सतीश कौशिक, सौंदर्या रजनीकांत, उदित नारायण, अनूप जलोटा, मनोज जोशी और राजू श्रीवास्तव ने फिल्म सिटी को लेकर सीएम के सामने अपने खयालात और सुझाव रखे. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के सीईओ भी मीटिंग में शामिल हुए.
Zee Salaam LIVE TV