)
ट्रांसजेंडर (Transgender) लोगों के लिए एक अच्छी और बड़ी खबर है कि सरकार अंब्रेला स्कीम स्माइल (SMILE) के तहत इन लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए तैयारी कर रही है. इस योजना के तहत ना सिर्फ ट्रांसजेंडर लोगों को आयुष्मान भारत योजना का फायदा मिलेगा, साथ ही ट्रांसजेंडर बच्चों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए स्कॉलरशिप भी मिलेगी.
ट्रांसजेंडरों के लिए बने नेशनल पोर्टल में रजिस्टर करा चुके लोग ही इस स्कीम का लाभ उठा सकेंगे. बता दें कि आयुष्मान ट्रांसजेंडर हेल्थ इंश्योरेंस (Ayushman Transgender health insurance) के तहत सर्जरी से लेकर स्कॉलरशिप तक में मदद की जा रही है. ट्रांसजेंडर बच्चों की पढ़ाई का भी काफी ध्यान रखा जा रहा है.
स्माइल योजना के मकसद
यह योजना ट्रांसजेंडर समुदाय और भीख मांगने के काम मों लगे लोगों को कल्याणकारी उपाय प्रदान करने के मकसद से बनाई गई है. इसके तहत दो उप-योजनाएं शामिल हैं- 'ट्रांसजेंडरों के कल्याण और व्यापक पुनर्वास के लिए केंद्रीय क्षेत्र की योजना' और 'भीख मांगने के कार्य में संलग्न व्यक्तियों के व्यापक पुनर्वास के लिए केंद्रीय क्षेत्र की योजना'.
मिलेगा 5 लाख का बीमा
अफसरों का कहना है कि मंत्रालय आयुष्मान ट्रांसजेंडर हेल्थ कार्ड जारी करने के बेहतर तरीके पर काम कर रही है और इसे इस महीने में ही शुरू करने की उम्मीद है. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अफसरों ने बताया कि आयुष्मान भारत ट्रांसजेंडर के रूप में मिलने वाले स्वास्थ्य बीमा में जेंडर री-अफर्मेशन सर्जरी यानि दोबारा लिंग पुष्टि के लिए सर्जरी उपलब्ध होगी. यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सहयोग से आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले हेल्थ बेनिफिट पैकेज का हिस्सा होगा. इस योजना के तहत हर ट्रांसजेंडरों को 5 लाख रुपये हर साल का इंश्योरेंस कवर मिलेगा.
हार्मोन थेरेपी भी शामिल
यह हेल्थ पैकेज ट्रांसजेंडरों के लिए संक्रमण संबंधी हेल्थकेयर के सभी पहलुओं को भी कवर करेगा. साथ ही इसमें हार्मोन थेरेपी और ऑपरेशन के बाद की औपचारिकताओं समेत सेक्स री-असाइनमेंट सर्जरी का कवर भी शामिल होगा. यह ऑपरेशन निजी और सरकारी दोनों अस्पतालों में कराया जा सकेगा.
बच्चों को मिलेगी स्कॉलरशिप
इस स्कीम में ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की भी सहूलियत होगी. इस स्कीम में नौवीं कक्षा और स्नातक स्तर तक के ट्रांसजेंडर स्टूडेंट्स को अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए स्कॉलरशिप दी जाएगी. ट्रांसजेंडर स्टूडेंट्स को पोस्ट मैट्रिक/प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप के रूप में 13,500 रुपये दिए जाएंगे. साथ ही इस स्कीम में स्किल ट्रेनिंग से लेकर प्लेसमेंट तथा रोजगार के अवसर भी प्रदान कराए जाएँगे.
- MP MyGov (@mpmygov) 15 Feb 2022
Zee Salaam LIVE TV