Advertisement
trendingNow,recommendedStories0/zeesalaam/zeesalaam968818
Zee SalaamZee Salaam ख़बरेंउत्तर प्रदेश में 1 करोड़ युवाओं को टैबलेट और प्रतियोगी छात्रों को भत्ता देगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ युवाओं को टैबलेट और प्रतियोगी छात्रों को भत्ता देगी योगी सरकार

योगी सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया है. यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है. 

विधान सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
विधान सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के हित में बड़ी पहल करते हुए प्रतियोगी परीक्षा भत्ता देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही सरकार प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को टैबलेट-स्मार्टफोन भी देगी. इसके अलावा, 28 लाख कर्मचारियों व पेंशनधारकों को एक जुलाई 2021 से 11 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 28 फीसदी महंगाई भत्ते की सौगात भी दी गई है. राज्य सरकार युवाओं के लिए 3,000 करोड़ का एक विशेष कोष तैयार करने जा रही है. इस कोष में कारपोरेट समूहों, विभिन्न वित्तीय संस्थाओं और विश्वविद्यालयों का योगदान भी होगा. सरकार ने गुरुवार को कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया है. यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है. गुरुवार को योगी के इन घोषणाओं के साथ ही अनिश्चित काल के लिए विधान सभा का दोनों सदन स्थगित हो गया है. 

16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनधारकों को होगा फायदा 
गुरुवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पेश अनुपूरक बजट को युवाओं, कोरोना योद्धाओं और फील्ड कर्मचारियों को समर्पित किया. कोरोना काल में फील्ड कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने एक तरफ जहां रोजगार सेवकों, पीआरडी जवान, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी व सहायिकाओं, रोजगार सेवकों वगैरह अल्प मानदेय वाले कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की, वहीं प्रदेश सरकार के 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनधारकों की बहुप्रतीक्षित मुराद पूरी करते हुए 11 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ उनके मंहगाई भत्ते को बहाल करने का भी ऐलान किया.

 तीन बार तक परीक्षा में शामिल होने के लिए मिलेगा भत्ता
एक घंटे से कुछ अधिक समय तक सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने युवाओं को डिजिटल तकनीक में सक्षम बनाने का इरादा जताते हुए कहा कि स्नातक, परास्नातक, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा आदि पाठ्यक्रमों के एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन देने के साथ ही मुफ्त में डिजिटल एक्सेस भी मुहैया कराया जाएगा. प्रतियोगी परीक्षा भत्ता की घोषणा करते हुए योगी ने कहा कि सरकार, प्रतियोगी परीक्षा के लिए जाने वाले हर युवा को तीन बार भत्ता देगी. यह फैसला विधायकों की भावनाओं, युवाओं की जरूरतों और अभिभावकों को बड़ी राहत देने वाला होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

संस्कृत विद्यालयों में रिक्त पदों पर जल्द ही मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति 
अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सीएम योगी ने वकीलों को सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाले 1.5 लाख की राशि को बढ़ाकर 5 लाख करने की जानकारी भी दी. उन्होंने सदन को बताया कि सरकार निराश्रित हुई महिलाओं के लिए भी योजना लाने जा रही है. पूर्ववर्ती सरकारों के द्वारा संस्कृत की उपेक्षा की बात कहते हुए सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से संस्कृत विद्यालयों के छात्रों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी तो इन विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर जल्द ही मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति करने जा रही है.

यूपी सरकार का बजट पिछले पांच साल में दोगुना
मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि यूपी सरकार का बजट पिछले पांच साल में दोगुना हो गया है। 2015-16 में 03 लाख करोड़ का 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में ढाई लाख का बजट ऊंट के मुंह में जीरा साबित होता था. यही वजह थी कि प्रदेश अर्थव्यवस्था में पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब यूपी निवेश के लिए सबसे अच्छे प्रदेशों में शामिल है. उन्होंने कहा कि 5 साल पहले सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 10-11 लाख करोड़ थी, आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने में कामयाब हुए हैं 2015-16 में उत्तर प्रदेश देश अर्थव्यवस्था में छठे नंबर पर था और आज दूसरे नंबर पर है. 5 वर्ष पहले तक साढ़े 17 फीसदी रही बेरोजगारी दर आज 5 फीसदी तक आ गई है.

काशी विश्वनाथ कारिडोर के लिए खजाना खोला गया 
योगी ने बताया कि प्रतिव्यक्ति आय दोगुना हो गया है और हमनें 4 साल में 1 लाख 52 हजार कन्याओं की शादी कराई गई. पीएम आवास योजना आने के बाद 2017 तक केवल 10 हजार आवास स्वीकृत हुए थे और 2017 के बाद से अब तक 40 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं. साढ़े चार साल में 4.5 लाख सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं. योगी ने कहा कि हम विकास में किसी से भेदभाव नहीं करते. अनुपूरक बजट में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को आगे बढ़ाते हुए वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ कारिडोर प्रोजेक्ट और नव्य अयोध्या के लिए भी खजाना खोला गया है.

Zee Salaam Live Tv

TAGS

Trending news